मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विश्वविद्यालय की समस्याओं की समीक्षा की, नए ट्रांसफार्मर, सीवरेज प्लांट और पेयजल व्यवस्था के लिए सहयोग का दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू), शिमला के मौजूदा बुनियादी ढांचे के विस्तार और सुदृढ़ीकरण में सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने वीरवार देर शाम विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विश्वविद्यालय के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को अपने संसाधन स्वयं सृजित करने पर भी विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्राओं और छात्रों के लिए छात्रावासों के निर्माण में सहयोग करेगी। छात्राओं के छात्रावास की सीमा के साथ सुरक्षा की दृष्टि से कंटीले तारों की बाड़ लगाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने परिसर में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा छात्रावास के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिसर के भीतर गुजर रही ओवरहेड विद्युत तारों को भूमिगत करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया। इससे विश्वविद्यालय परिसर में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने जल शक्ति विभाग को विश्वविद्यालय परिसर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने पेयजल की कमी की समस्या के समाधान के लिए भी प्रदेश सरकार की ओर से पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने की बात कही।
हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, शिमला की कुलपति प्रो. प्रीति सक्सेना ने विश्वविद्यालय की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष ध्यान देने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया।
बैठक में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गुरमीत सिंह संधावालिया, महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान सचिव देवेश कुमार, सचिव शिक्षा राकेश कंवर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube