बाग खुर्द स्कूल के पास निर्माण कार्य से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर चिंता, पानी की निकासी और मकान-गोशाला को खतरे का मुद्दा उठाया
ग्राम पंचायत नम्होल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से क्षेत्र में करवाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। पंचायत प्रधान की अगुवाई में ग्रामीणों ने उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य के कारण स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को हो रही परेशानियों का समाधान करवाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि बाग खुर्द स्कूल के पास एनएचएआई की ओर से सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान सड़क किनारे की पहाड़ी और जमीन की कटिंग किए जाने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऐसे में यहां से गुजरने वाले लोगों और विशेष रूप से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
पंचायत के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी और पत्थर गिरने के साथ-साथ पानी की निकासी प्रभावित होने से आसपास के खेतों और घरों को भी नुकसान पहुंच रहा है। पंचायत की ओर से इस समस्या के संबंध में संबंधित अधिकारियों को पहले भी अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि शिला देवी के मकान और गोशाला के आसपास निर्माण कार्य के चलते असुरक्षित स्थिति पैदा हो गई है, जिससे उनके मकान और गोशाला को खतरा बना हुआ है।
ग्राम पंचायत नम्होल ने उपायुक्त बिलासपुर से मांग की है कि एनएचएआई अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करवाकर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए जाएं। पंचायत ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने तथा स्थानीय लोगों की समस्याओं का समाधान करवाने की मांग की है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube