पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने किया उद्घाटन, युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने की अपील
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइंस ग्राउंड झलेड़ा में शुक्रवार को पुलिस शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में छठी क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। जिला पुलिस की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता सतपाल सिंह रायजादा ने किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और खेल गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया।
सतपाल सिंह रायजादा ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरे मैथ के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा और डीएसपी मुख्यालय हेमराज वर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला महावीर क्रिकेट क्लब ठठल और टीआरसी ऊना के बीच खेला गया।
नशे के खिलाफ जागरूकता में खेलों की अहम भूमिका
इस अवसर पर सतपाल सिंह रायजादा ने पुलिस विभाग की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें नशे से दूर रखने में खेल प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और वे सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि ऊना जिला पंजाब की सीमा से सटा होने के कारण नशे की चुनौती का सामना करता है। इसके बावजूद जिला पुलिस नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पुलिस विभाग को शुभकामनाएं दीं।
युवाओं से खेलों को अपनाने की अपील
रायजादा ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ अनुशासन, टीम भावना और मेहनत का महत्व भी सिखाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और बेहतर भविष्य के लिए युवाओं का खेल गतिविधियों से जुड़ना जरूरी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube