भताल गांव के पास झाड़ियों से निकली मादा भालू ने किया हमला, मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार जारी; ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भताल गांव में वीरवार सुबह स्कूल जा रहे एक सरकारी शिक्षक पर मादा भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में शिक्षक राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद ब्रेही, भताल और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है।
स्कूल जाते समय शिक्षक पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत ब्रेही के भताल गांव निवासी शिक्षक राजेश कुमार वीरवार सुबह रोजाना की तरह स्कूल में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के समीप सुनसान पहाड़ी पगडंडी से गुजरते समय झाड़ियों में छिपी मादा भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले में भालू ने राजेश कुमार को जमीन पर पटक दिया और उनके मुंह, हाथ-पांव पर पंजों से गहरे जख्म कर दिए। शिक्षक की चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के शोर मचाने पर मादा भालू जंगल की ओर भाग गई।
ग्रामीणों ने पालकी और पीठ के सहारे पहुंचाया सड़क तक
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घायल शिक्षक को पालकी और पीठ के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज चंबा ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की फील्ड टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। भालू के हमले के बाद क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों को बच्चों को स्कूल भेजने और महिलाओं के घास-लकड़ी लेने जंगल जाने को लेकर चिंता सता रही है।
वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग
ग्राम पंचायत ब्रेही के ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हमलावर भालू को पकड़ने के लिए तुरंत पिंजरा लगाया जाए, ताकि क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उधर, डीएफओ चंबा कृतज्ञ कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को भालू को दूर जंगल में खदेड़ने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सुबह-शाम अकेले जंगल के रास्तों पर जाने से बचें और सतर्कता बरतें।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube