तपोवन में छह बैठकें करवाने की तैयारी, 27 अक्तूबर को कैबिनेट बैठक में तय हो सकती हैं तारीखें; दिसंबर के पर्यटन सीजन को देखते हुए नवंबर में सत्र कराने के पक्ष में सरकार
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र धर्मशाला के तपोवन में 25 या 26 नवंबर से शुरू हो सकता है। सरकार सत्र के दौरान छह बैठकें करवाने की तैयारी कर रही है। सत्र की तारीख और बैठकों की संख्या को लेकर 27 अक्तूबर को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में फैसला लिया जा सकता है।
दिसंबर में पर्यटन सीजन शुरू होने के मद्देनजर सरकार नवंबर में ही विधानसभा का शीतकालीन सत्र आयोजित करने के पक्ष में है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी नवंबर में सत्र बुलाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि विधानसभा अध्यक्ष प्रस्ताव करते हैं, तो नवंबर में सत्र बुलाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर में धर्मशाला, शिमला, मनाली और डलहौजी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पर्यटन सीजन के दौरान विधानसभा सत्र आयोजित करने से आम लोगों को असुविधा हो सकती है। इसके अलावा, सरकारी गाड़ियों की आवाजाही बढ़ने से यातायात पर भी असर पड़ता है।
इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार नवंबर में शीतकालीन सत्र आयोजित करना उचित मान रही है। अब 27 अक्तूबर को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में सत्र की तारीख और बैठकों की संख्या को लेकर अंतिम फैसला लिए जाने की संभावना है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube