लोजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने शूटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवाओं के लाइसेंस प्राथमिकता के आधार पर बनाने की उठाई मांग
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश कार्यालय नाहन में बुधवार को पूर्व विधायक सदानंद चौहान की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक सदानंद चौहान तथा लोजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के तहत नाहन स्थित डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें करीब 100 लोगों ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग चैंपियनशिप में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया। लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नाहन के पूर्व विधायक सदानंद चौहान की जयंती पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया।
शूटिंग खिलाड़ियों के लाइसेंस बनाने की उठाई मांग
नितिन चौहान ने प्रदेश सरकार से मांग की कि शूटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवाओं के लाइसेंस प्राथमिकता के आधार पर बनवाए जाएं। उन्होंने कहा कि पहले जिला मुख्यालय नाहन में ही लाइसेंस बनाए जाते थे, लेकिन अब लोगों को इसके लिए शिमला के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
इससे शूटिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस समस्या का समाधान करने और खिलाड़ियों के लाइसेंस प्राथमिकता के आधार पर बनवाने की मांग की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube