राजेश धर्माणी बोले- विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर अवसर देना सरकार की प्राथमिकता, 47 स्कूलों के 521 विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, खेल और आधारभूत ढांचे के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं देने और विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है।
वह पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
प्रतियोगिता में जिले के 47 विद्यालयों के करीब 521 विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। राजेश धर्माणी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग के अनुसार वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय रैंकिंग में 21वें स्थान पर था,
जबकि वर्ष 2024 के NAS में विभिन्न कक्षाओं में प्रदेश ने तीसरा स्थान हासिल किया। हालांकि उपलब्ध आधिकारिक NAS 2021 रिपोर्ट में प्रदेश के विभिन्न कक्षा स्तरों और विषयों के औसत स्कोर दर्ज हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों तक शिक्षा की पहुंच बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई से जोड़ने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनवरी 2026 में 30 अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। सरकार की शिक्षा संबंधी नीतियों के केंद्र में विद्यार्थी हैं।
घुमारवीं स्कूल के भवन का निर्माण होगा शुरू
मंत्री ने कहा कि पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं के भवन निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है। इससे विद्यालय का रुका हुआ निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की बात उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मोर सिंघी में बालिकाओं के लिए हैंडबॉल हॉस्टल अधिसूचित किया गया है। इसके संचालन के लिए आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति भी कर दी गई है। इसके अलावा घुमारवीं में 100 सीटों की क्षमता वाले स्पोर्ट्स हॉस्टल की अधिसूचना जारी की गई है। इसमें पांच से छह प्रमुख खेलों के लिए सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना है।
35 करोड़ से बनेगा इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम
राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं में न्यायालय के समीप करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल सहित इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।
इसके लिए करीब 15 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायक होगी।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर में फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए बद्दाघाट में साढ़े तीन करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से फुल साइज फुटबॉल मैदान का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त करलोटी और भराड़ी में उपलब्ध भूमि के अनुसार करीब तीन-तीन करोड़ रुपये की लागत से दो नए स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है।
शिक्षकों और प्रशिक्षकों की भूमिका अहम
मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थी को नई दिशा देने के साथ समाज और प्रदेश के निर्माण में भी योगदान देता है। उन्होंने शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों से बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने विद्यालय, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश डोगरा, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दयाराम, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रेखा शर्मा, उप निदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल, उप निदेशक गुणवत्ता शिक्षा निशा गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube