नादौन, सुजानपुर, हमीरपुर, भोरंज और बड़सर से विद्यार्थी लेंगे हिस्सा, साइंस क्विज से लेकर मॉडल प्रदर्शनी तक होंगी प्रतियोगिताएं
हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस के तहत हमीरपुर जिले के विभिन्न उपमंडलों में विज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने बताया कि नादौन उपमंडल से 512, सुजानपुर से 237, हमीरपुर से 632, भोरंज से 576 और बड़सर उपमंडल से 544 विद्यार्थी प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। इस तरह जिले के पांच उपमंडलों से कुल 2501 विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे हैं। हमीरपुर, भोरंज और बड़सर उपमंडलों में 21 सितंबर से उपमंडल स्तर की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी।
प्रतियोगिताओं के दौरान साइंस क्विज, साइंस एक्टिविटी कॉर्नर, मैथमेटिक्स ओलंपियाड और साइंस मॉडल जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक समझ, रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
राजेश गौतम ने बताया कि करीब दो वर्षों के अंतराल के बाद विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। प्रतियोगिताओं को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मार्गदर्शक शिक्षकों की देखरेख में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए तैयारियां की हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube