ठोडो मैदान में करीब 10 दिन चलेगी फुटबॉल प्रतियोगिता, गेस्ट ऑफ ऑनर भूपेंद्र ठाकुर और चीफ गेस्ट तरसेम भारती ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
शहर के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में शूलिनी सुपर कप सीजन-3 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में इस बार कुल 64 टीमों का पूल तैयार किया गया है और टूर्नामेंट करीब 10 दिनों तक चलेगा।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का संदेश भी दिया जा रहा है। कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर एवं यूथ आइकॉन भूपेंद्र ठाकुर और चीफ गेस्ट तरसेम भारती ने शिरकत की।
गेस्ट ऑफ ऑनर भूपेंद्र ठाकुर ने शूलिनी सुपर कप के आयोजकों ओपी और वीरेंद्र का आभार जताते हुए कहा कि प्रतियोगिता को भविष्य में सोलन के ऐतिहासिक शूलिनी मेले की तर्ज पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार प्रतियोगिता का दायरा पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ाया गया है। 64 टीमों के साथ आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता करीब 10 दिनों तक चलेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में टूर्नामेंट को और बड़े स्तर पर आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तर्ज पर पहचान दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
भूपेंद्र ठाकुर ने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर योग, जिम और नियमित कसरत के माध्यम से खुद को स्वस्थ और मजबूत बना सकते हैं। खेल केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित होती है।
उन्होंने मोबाइल गेम्स के बढ़ते प्रचलन पर भी चिंता जताई। उन्होंने युवाओं से मोबाइल गेम्स पर अधिक समय बिताने के बजाय मैदानी खेलों की ओर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा शारीरिक गतिविधियों, खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली में लगानी चाहिए।
खेलों के माध्यम से युवा अपने व्यक्तित्व का विकास करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी दे सकते हैं।
आयोजकों ने बताया कि शूलिनी सुपर कप के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर खेल मंच उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य सोलन में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक युवाओं को खेलों के साथ जोड़ना है।
भूपेंद्र ठाकुर ने सोलनवासियों से ठोडो मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की भागीदारी से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और शहर में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार होता है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube