ऊना में एंटी-चिट्टा जन-जागरूकता वॉकथॉन की अगुवाई, युवाओं से नशे के खिलाफ जन आंदोलन का सिपाही बनने का आह्वान
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा जन-जागरूकता वॉकथॉन की अगुवाई की। उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
वॉकथॉन इंदिरा स्टेडियम से शुरू होकर न्यू बस अड्डे तक गई और वापस इंदिरा स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें जिलेभर से विद्यार्थियों और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वॉकथॉन से पहले मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को एंटी-चिट्टा शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ पूरी सख्ती से लड़ाई लड़ रही है, लेकिन इस अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि जो लोग बच्चों को चिट्टा बेचकर पैसा कमा रहे हैं और युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर अपने घर भर रहे हैं, उनके लिए हिमाचल में कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीति स्पष्ट है। चिट्टा बेचने वालों और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं के साथ संवेदनशीलता से व्यवहार करते हुए उन्हें नशे से बाहर निकालने में हरसंभव सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशा बेचने वाले और नशे में फंसे व्यक्ति को एक नजर से नहीं देखा जा सकता।
उन्होंने हिमाचल के युवाओं से अपने साथियों को चिट्टे के रास्ते पर जाने से रोकने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोस्त अपने साथी के सबसे करीब होता है और उसके व्यवहार में आने वाले बदलाव को सबसे पहले पहचान सकता है।
छोटी-सी सतर्कता किसी परिवार को टूटने से बचा सकती है। उन्होंने कहा कि सच्चा दोस्त वही है, जो अपने साथी को नशे की ओर ले जाने के बजाय गलत रास्ते पर जाने से रोके।
पुलिस के साथ समाज की भागीदारी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कानून के अनुसार अपना काम कर रही है और चिट्टे के नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, केवल पुलिस के सहारे नशे के खिलाफ लड़ाई नहीं जीती जा सकती। पुलिस तस्करों को पकड़ सकती है और सरकार कानून बना सकती है, लेकिन किसी बच्चे को पहली बार नशा करने से परिवार, दोस्त, शिक्षक और समाज ही रोक सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने नशे के खिलाफ लड़ाई को जन आंदोलन बनाया है। इस अभियान में हर मां, पिता, शिक्षक, पंचायत, महिला मंडल, युवा मंडल और विशेष रूप से युवाओं का सहयोग जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से अभियान का सिपाही बनने का आह्वान करते हुए कहा कि जहां चिट्टा बिकता दिखाई दे, वहां चुप न रहें और विश्वसनीय जानकारी टोल-फ्री नंबर 112 पर दें। उन्होंने बताया कि विश्वसनीय सूचनाएं देने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार की व्यवस्था भी की गई है।
नौ महीने पहले शुरू हुआ था एंटी-चिट्टा अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प स्पष्ट है कि हिमाचल को चिट्टे के सामने झुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब नौ महीने पहले इसी संकल्प के साथ एंटी-चिट्टा अभियान शुरू किया गया था। 15 नवंबर 2025 को शिमला में, 1 दिसंबर को धर्मशाला में, 16 दिसंबर को हमीरपुर में और 26 दिसंबर को बिलासपुर में लोगों ने अभियान के तहत भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब नौ महीने बाद उसी संकल्प के साथ ऊना में लोग एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल वॉकथॉन नहीं है, बल्कि बच्चों, परिवारों और हिमाचल के भविष्य के लिए जनभागीदारी का संदेश है। उन्होंने कहा कि जब समाज जाग जाता है तो कोई भी नशा, माफिया और बुराई उसके सामने टिक नहीं सकती।
मुख्यमंत्री ने 35 से 40 डिग्री तापमान के बावजूद वॉकथॉन में शामिल होने के लिए दूर-दूर से पहुंचे विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने सफल आयोजन के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक राकेश कालिया, सुदर्शन बबलू, विवेक शर्मा और सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
ऊना के स्कूलों में 17 सितंबर को अवकाश
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 17 सितंबर को ऊना जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 3.87 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुमंजिला खंड विकास कार्यालय भवन ऊना का लोकार्पण किया। उन्होंने संतोषगढ़ सड़क पर 9.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रामपुर पुल का शिलान्यास भी किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक सुदर्शन बबलू, राकेश कालिया, विवेक शर्मा, कांग्रेस नेता सतपाल रायजादा, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन कुलदीप कुमार, सदस्य विजय डोगरा और दिग्विजय मल्होत्रा, एंटी चिट्टा बोर्ड के समन्वयक नरेश ठाकुर,
सह-समन्वयक संजय भारद्वाज, चेयरमैन दिग्विजय शर्मा, एडवोकेट जनरल अनूप रतन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube