शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामले में बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर चंडीगढ़ के मनीमाजरा से एक बैंक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 31 वर्षीय गौरव तिशावर निवासी मनीमाजरा, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक सहकारी बैंक में नौकरी करता है और नौकरी के साथ मादक पदार्थों की बिक्री में भी कथित रूप से संलिप्त था।
पुलिस ने आरोपी के मनीमाजरा स्थित आवास से 9.31 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह कार्रवाई शिमला पुलिस की ओर से आठ सितंबर को दर्ज किए गए मामले की जांच के दौरान की गई है।
आठ सितंबर को दो आरोपियों की हुई थी गिरफ्तारी
शिमला पुलिस ने आठ सितंबर को कृष्णानगर निवासी 25 वर्षीय सनमजीत और 22 वर्षीय सुमित को पांच ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों से पूछताछ की और चिट्टे की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और जानकारी के आधार पर पुलिस को चिट्टे की सप्लाई की पिछली कड़ी का पता चला। इसी क्रम में गौरव तिशावर की कथित संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मनीमाजरा पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक मादक पदार्थ कहां से पहुंचता था और वह आगे किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। जांच के आधार पर सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
2026 में 77 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
शिमला पुलिस इस वर्ष मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई पर विशेष ध्यान दे रही है। पुलिस के अनुसार, 2026 में अब तक 77 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है और 58 अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
वर्ष 2025 में आठ मुख्य सप्लायरों और चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। वहीं, 2024 में 12 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार करने के साथ तीन नेटवर्क पर कार्रवाई की गई थी।
पुलिस का कहना है कि नशे से जुड़े मामलों में केवल छोटे स्तर के आरोपियों तक सीमित न रहकर पूरी सप्लाई चेन की जांच की जा रही है, ताकि मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंचकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube