30 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य, स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों के साथ ITI प्रशिक्षु भी हुए शामिल; 600 बसों से पहुंची भीड़
हिमाचल प्रदेश के ऊना में नशे के खिलाफ एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और विद्यार्थी शामिल हुए।
जिला प्रशासन ने वॉकाथॉन में 30 हजार युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा था, जबकि विभिन्न उपमंडलों से प्राप्त सूचियों के अनुसार करीब 32 हजार विद्यार्थियों की भागीदारी तय हुई।
वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान ऊना से शुरू होकर आईएसबीटी की ओर गई और वापस खेल मैदान में पहुंची। मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्कूलों, आईटीआई और महाविद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए।
नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता का संदेश
वॉकाथॉन का उद्देश्य युवाओं को चिट्टा और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज में नशे के खिलाफ सामूहिक चेतना को मजबूत करना था। आयोजन में युवाओं की भागीदारी के जरिए नशे से दूर रहने और स्वस्थ भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
ड्रोन से निगरानी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन से भी निगरानी रखी गई। प्रतिभागियों के लिए पेयजल, शौचालय, जलपान, स्वास्थ्य सेवाओं और पार्किंग की व्यवस्था की गई थी।
वॉकाथॉन में नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के अलावा आईटीआई प्रशिक्षु, महाविद्यालयों के विद्यार्थी और आम लोग भी शामिल हुए।
600 बसों से पहुंचाए गए प्रतिभागी
प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने और वॉकाथॉन के बाद उन्हें वापस स्कूल-कॉलेज पहुंचाने के लिए करीब 600 बसों की व्यवस्था की गई। इसमें एचआरटीसी, निजी और स्कूली बसें शामिल रहीं। एचआरटीसी की ओर से अस्थायी बस अड्डों से इलेक्ट्रिक शटल बसें भी चलाई गईं।
यात्रियों की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए अजोली मोड़, बहड़ाला, झलेड़ा, बस अड्डा ऊना, हरोली, रामपुर और थानाकलां में इंस्पेक्टर तैनात किए गए।
ऊना में बदली रही यातायात व्यवस्था
वॉकाथॉन के चलते ऊना शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को डायवर्ट किया गया। डीसी चौक से रक्कड़ तक सड़क को भी निर्धारित समय के दौरान बंद रखा गया। झलेड़ा की ओर से ऊना आने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ा।
पुलिस बैंड की प्रस्तुति से हुआ कार्यक्रम का आगाज
इंदिरा गांधी खेल मैदान में सुबह पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ की प्रस्तुति हुई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों में उत्साह बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवाओं के साथ वॉकाथॉन में शामिल होकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube