बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 52.07 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन (ICE) बरामद की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान के निर्देशानुसार नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा।
पहला मामला बद्दी थाना क्षेत्र का है। पुलिस थाना बद्दी की टीम ने 11 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर साई रोड, अमरावती, बद्दी क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल नंबर PB07AQ-1178 पर सवार दो व्यक्तियों को काबू किया।
आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह (27), निवासी गांव व डाकघर हारटा, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर, पंजाब और दानिश असलम सिरवाल (25), निवासी मकान नंबर 61, ब्लॉक 91, गांव सोंडर दशम, तहसील व जिला किश्तवाड़, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल के हैंडल पर लटके हेलमेट के अंदर से 42.86 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन (ICE) बरामद की। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
दूसरा मामला बरोटीवाला थाना क्षेत्र का है। 12 सितंबर 2026 को पुलिस थाना बरोटीवाला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भटौली कलां में टाईमैक्स कंपनी के समीप एक मोटरसाइकिल नंबर HP12J-6865 पर सवार युवक को काबू किया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के मीटर हेड वाइजर के अंदर से 9.21 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार (21), निवासी गांव पट्टा, डाकघर कट्टल, तहसील रामशहर, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बरोटीवाला में ND&PS Act के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अजय कुमार को भी आज माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
बद्दी पुलिस जिला द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर इसकी जानकारी पुलिस को दें, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सके। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले लोगों की पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube