झगड़े के दौरान सिर पर पत्थर लगने से मौत का आरोप, चांगरू के पास गोविंद सागर झील में शव फेंकने की आशंका; पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी
बिलासपुर जिले के झंडूता थाना क्षेत्र के समलेटू गांव से 11 सितंबर से लापता मदन लाल की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, झगड़े के दौरान सिर पर पत्थर लगने से मदन लाल की मौत हुई।
इसके बाद उसके शव को चांगरू नामक स्थान के पास गोविंद सागर झील में फेंकने का आरोप है। मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई बिशन दास और उसकी पत्नी रानो देवी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
13 सितंबर को दर्ज हुई थी गुमशुदगी की शिकायत
पुलिस के अनुसार, समलेटू निवासी रोशन लाल ने 13 सितंबर को पुलिस थाना झंडूता में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका भाई मदन लाल 11 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे बिना बताए घर से चला गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी की जांच शुरू की।
जांच के दौरान 15 सितंबर को शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 11 सितंबर को मदन लाल का उसके बड़े भाई बिशन दास और उसकी पत्नी रानो देवी के साथ झगड़ा हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, झगड़े के दौरान मदन लाल के सिर पर पत्थर से चोट लगी, जिससे उसके सिर पर गहरा घाव हो गया था।
पूछताछ में सामने आया झील में शव फेंकने का आरोप
पुलिस ने बिशन दास और रानो देवी से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह तथ्य आया कि मदन लाल की मौत के बाद उसके शव को चांगरू नामक स्थान पर गोविंद सागर झील में फेंक दिया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में हत्या के आरोप और शव को झील में फेंके जाने से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है। अभी तक मदन लाल का शव बरामद नहीं हुआ है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। एसपी अभिषेक धीमान के अनुसार, पुलिस गोताखोरों की सहायता से गोविंद सागर झील में मदन लाल के शव की तलाश कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube