रुल्दूभट्ठा के शांकली क्षेत्र में आंगन में खेल रही बच्ची पर कुत्ते ने किया हमला, मुंह, पीठ और टांगों समेत शरीर पर गहरे घाव; शहर में हर माह 150 से ज्यादा डॉग बाइट के मामले
शिमला के रुल्दूभट्ठा वार्ड के शांकली क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची पर एक लावारिस कुत्ते ने हमला कर दिया।
कुत्ता बच्ची को काटते और नोचते हुए करीब 25 मीटर दूर तक ले गया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को घेरकर किसी तरह बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ाया। लहूलुहान हालत में बच्ची को आईजीएमसी ले जाया गया, जहां आपातकालीन वार्ड में उसका उपचार चल रहा है।
लोअर बाजार के कारोबारी करनैल सिंह ने बताया कि शांकली में उनके भतीजे रमनदीप सिंह का मकान है। रमनदीप सिंह की दो साल की बेटी रविवार शाम करीब चार बजे घर के आंगन में खेल रही थी।
खेलते-खेलते वह घर के गेट के पास पहुंची, तभी वहां से गुजर रहे लावारिस कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ता बच्ची को काटते हुए घसीटकर साथ लगते जंगल की ओर ले जाने लगा। बच्ची की चीखें सुनकर पड़ोसी और आसपास के लोग बाहर आए और करीब 25 मीटर दूर कुत्ते को घेरकर बच्ची को छुड़ाया। कुत्ते के हमले में बच्ची के मुंह, पीठ और टांगों समेत कई हिस्सों में गहरे घाव हुए हैं।
पहले भी बच्चों पर हो चुके हैं हमले
शिमला शहर में लावारिस कुत्तों के बच्चों पर हमला करने का यह पहला मामला नहीं है। 29 जून को खलीनी में लावारिस कुत्तों ने चौथी कक्षा में पढ़ने वाले कनिष्क को काट लिया था।
छह जून को विकासनगर में लावारिस कुत्तों के झुंड ने सात वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया था। ढली में भी दूसरी कक्षा के छात्र की टांग पर कुत्ते ने गहरे घाव कर दिए थे।
शिमला में 3500 से ज्यादा लावारिस कुत्ते
नगर निगम के सर्वेक्षण के अनुसार शिमला शहर में लावारिस कुत्तों की संख्या 3500 से ज्यादा पहुंच चुकी है। शहर में हर महीने कुत्तों के काटने के 150 से अधिक मामले सामने आने की बात कही गई है।
इनमें महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में प्रभावित हो रहे हैं। नगर निगम ने शहर में 100 से ज्यादा ऐसे हमलावर कुत्तों को भी चिह्नित किया था, जो बार-बार लोगों पर हमला कर रहे हैं।
इन इलाकों में ज्यादा आतंक
शिमला के मालरोड, सब्जी मंडी, टिंबर हाउस, लक्कड़ बाजार, लोअर बाजार, लोअर जाखू, यूएस क्लब, बीसीएस, न्यू शिमला, खलीनी, झंझीड़ी, विकासनगर, वीरखाना, हिमलैंड, संजौली बाजार, कसुम्पटी, मैहली, पंथाघाटी, मशोबरा और ढली क्षेत्रों में लावारिस कुत्तों की समस्या ज्यादा बताई जा रही है।
इन्हीं क्षेत्रों से कुत्तों के लोगों को काटने के मामले भी सामने आते रहे हैं।
हमलावर कुत्तों को पकड़ने की तैयारी
नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शहर में जो लावारिस कुत्ते बार-बार लोगों को काट रहे हैं, उन्हें जल्द पकड़ा जाएगा।
इसके लिए नगर निगम अपने डॉग हट का विस्तार करने जा रहा है। आक्रामक कुत्तों को पकड़कर इन हट में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों के चलते निगम इन पर अधिक कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। महापौर के अनुसार अक्तूबर के पहले सप्ताह से कुत्तों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा और नसबंदी भी की जा रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube