मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला में तहबाजारियों का सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान, 4 महीने से रोजगार ठप होने का आरोप

सार

शिमला के लोअर बाजार से हटाए गए तहबाजारियों ने चार महीने से रोजगार ठप होने का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं, महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि तहबाजारियों के पुनर्वास के लिए नए विकल्प तलाशे जा रहे हैं और नगर निगम नियमों के तहत ही कार्रवाई करेगा।

TV Incharge

4 मिनट
शिमला में तहबाजारियों का सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान, 4 महीने से रोजगार ठप होने का आरोप

लोअर बाजार के तहबाजारी उप महापौर कार्यालय पहुंचे, महापौर सुरेंद्र चौहान बोले- पुनर्वास के लिए तलाशे जा रहे नए विकल्प, नियमों के तहत ही होगी कार्रवाई

शिमला के लोअर बाजार से तहबाजारियों को हटाए जाने के बाद विवाद बढ़ता जा रहा है। अदालत के आदेशों के बाद नगर निगम की कार्रवाई से प्रभावित तहबाजारियों ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है।

तहबाजारियों का कहना है कि पिछले चार महीनों से उनका रोजगार ठप है और परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने स्पष्ट किया है कि तहबाजारियों के पुनर्वास के लिए नए विकल्प तलाशे जा रहे हैं, लेकिन सभी कार्य नियमों के तहत ही होंगे।

उप महापौर कार्यालय पहुंचे तहबाजारी

लोअर बाजार के तहबाजारी अपनी समस्याएं लेकर नगर निगम के उप महापौर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने काफी देर तक अपनी मांगें रखीं, लेकिन अदालत के आदेशों का हवाला दिए जाने के कारण बैठक में कोई समाधान नहीं निकल सका। बैठक के दौरान तहबाजारियों ने नगर निगम के कर्मचारियों पर गोदाम से सामान उठाने के आरोप भी लगाए। इन आरोपों के बीच नगर निगम के कर्मचारी बैठक छोड़कर चले गए।

चार महीने से रोजगार बंद होने का आरोप

लोअर बाजार तहबाजारी यूनियन के अध्यक्ष पवन ने कहा कि पिछले चार महीनों से तहबाजारी परेशान हैं और उनकी आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सरकार का उन्होंने चुनाव के दौरान समर्थन किया था, वही आज उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। उनके अनुसार, रोजगार बंद होने से तहबाजारियों और उनके परिवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

पवन ने आरोप लगाया कि नगर निगम की कार्रवाई के दौरान दुकानों और गोदामों में रखे सामान को उठाया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि काम करने वाले लड़कों का सामान रास्ते में छीना जा रहा है।

जुर्माने को लेकर भी उठाए सवाल

यूनियन अध्यक्ष पवन ने नगर निगम आयुक्त के रवैये पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक के हस्तक्षेप के बावजूद लोगों पर 5,000 से 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तहबाजारियों की रोजी-रोटी से जुड़ी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।

उन्होंने कहा कि तहबाजारी मंत्रियों और विधायकों के कार्यक्रमों में काले झंडे दिखाकर भी विरोध प्रदर्शन करेंगे।

पुनर्वास के लिए नए विकल्प तलाश रहा नगर निगम: महापौर

महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि तहबाजारियों और वेंडर्स के पुनर्वास तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए छह सदस्यीय मॉनिटरिंग कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि कमेटी के कार्यों की निगरानी वह स्वयं कर रहे हैं।

महापौर के अनुसार, तहबाजारियों के पुनर्वास और आजीविका से जुड़े विकल्पों पर राम बाजार, संजीवनी और पंप हाउस के पास उपलब्ध जगहों सहित कई स्थानों पर चर्चा की गई है।

8 करोड़ रुपये के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी विकल्प

सुरेंद्र चौहान ने बताया कि रिज के नीचे घोड़ों के पास लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का टेंडर और अवार्ड हो चुका है तथा उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार, इसमें भी कई लोगों को समायोजित किया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम तहबाजारियों और वेंडर्स की आजीविका को सुरक्षित रखने के लिए नए स्थानों और संभावनाओं की तलाश कर रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों से हटकर काम करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

नियमों के तहत ही होगी कार्रवाई

महापौर ने कहा कि नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी तहबाजारियों से संबंधित कार्रवाई निर्धारित नियमों और प्रावधानों के अनुसार करते हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और सामान छीनने की घटनाओं को लेकर भी आयुक्त की ओर से बैठक बुलाई गई थी, ताकि संबंधित विषयों पर चर्चा की जा सके।

उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित कर्तव्यों के तहत काम करेंगे और जनता के हितों का ध्यान रखा जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें