छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे दुंमती में हुआ हादसा, सीपीडब्ल्यूडी के सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक्सकैवेटर से हो रही थी खुदाई
भारत-चीन अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे किन्नौर के दुर्गम क्षेत्र में रविवार को सड़क निर्माण कार्य के दौरान अचानक हुए विस्फोट में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा छितकुल से करीब 27 किलोमीटर आगे दुंमती के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, दुंमती क्षेत्र में सीपीडब्ल्यूडी के सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक्सकैवेटर से खुदाई और पत्थर उठाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया।
हादसे में अशोक कुमार (50), निवासी गांव एवं डाकघर कंड, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ लाया गया, जहां रविवार शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे में भोला साह (23), निवासी बिहार, भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में चल रहा है।
तहसीलदार सांगला हर दयाल सिंह ने बताया कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच भारतीय सेना द्वारा की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
हादसे के बाद सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सुरक्षा जांच की गई थी या नहीं और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन हुआ था या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
भारत-तिब्बत सीमा से सटे इन दुर्गम क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। हादसे में जान गंवाने वाले अशोक कुमार के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है। वहीं, घायल मजदूर भोला साह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube