शिक्षा मंत्री ने विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 21वें स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता की, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। पिछले चार वर्षों में हिमाचल ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
वर्ष 2021 में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में प्रदेश देशभर में 21वें स्थान पर था, जबकि अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने यह बात वीरवार को बल्ह विधानसभा क्षेत्र के बगला में विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के 21वें स्थापना दिवस समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि एनएएस-2025 (नेशनल अचीवमेंट सर्वे) में हिमाचल प्रदेश ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, परख-2024 में भी प्रदेश के विद्यार्थियों की आधारभूत भाषा और सीखने की क्षमता राष्ट्रीय औसत से बेहतर रही है।
परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में हिमाचल 13वें स्थान से छठे स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि 99.55 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ प्रदेश ने पूर्ण साक्षर राज्य बनने का गौरव हासिल किया है।
प्रदेश सरकार मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां प्रदान कर प्रोत्साहित कर रही है। इसके साथ ही विद्यार्थियों और शिक्षकों को विदेशों में शैक्षणिक भ्रमण के अवसर भी दिए जा रहे हैं, ताकि वे आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और नई तकनीकों से परिचित हो सकें।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने और समाज को बेहतर बनाने का सशक्त साधन है। शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए।
तेजी से बदलती तकनीक और रोजगार की चुनौतियों को देखते हुए संस्थानों की जिम्मेदारी केवल अच्छे परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं रह गई है। विद्यार्थियों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने, माता-पिता के त्याग को समझने, शिक्षकों का सम्मान करने और समय का सदुपयोग करने का आह्वान किया।
रोहित ठाकुर ने विजय ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान को नैक (NAAC) से मान्यता मिलना शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री और अन्य गणमान्य अतिथियों ने संस्थान की ओर से प्रस्तावित स्कूल भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने संस्थान परिसर में पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
संस्थान के चेयरमैन गौरव मारवाह, चेयरपर्सन कविता मारवाह और प्रधानाचार्य डॉ. दीप्ति सहित प्रबंधन ने शिक्षा मंत्री का कार्यक्रम में पहुंचने और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, पूर्व विधायक बिलासपुर तिलकराज शर्मा, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, अनुसूचित जाति सेल के अध्यक्ष ब्रह्म दास चौहान,
एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, संस्थान के प्रबंधन सदस्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube