‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता, 17 अक्टूबर से शुरू हुआ पंजीकरण
मेरा युवा भारत हमीरपुर की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026-27 के अंतर्गत विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ निर्धारित किया गया है।
जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संसदीय कार्यप्रणाली और राष्ट्रीय महत्व के विषयों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु 17 अगस्त 2026 को 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक पात्र युवा MY Bharat पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया 17 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है।
तीन चरणों में होगी प्रतियोगिता
युवा संसद का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। जिला स्तर की प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक, राज्य स्तर की प्रतियोगिता 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 9 व 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित होगी।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर प्रतिभागियों को निर्धारित विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर अपने विचार रखने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन तय मानदंडों के आधार पर होगा।
हमीरपुर जिले से तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर की युवा संसद के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का मंच
दीपमाला ठाकुर ने कहा कि युवा संसद केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल, निर्णय लेने की योग्यता, तार्किक सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से युवा राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी समझ विकसित कर सकेंगे और देश के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा में भाग ले सकेंगे।
उन्होंने हमीरपुर जिले के पात्र युवाओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube