मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 2026 में 51 आदतन तस्कर किए निरुद्ध

सार

शिमला पुलिस ने PIT-NDPS अधिनियम के तहत आठ और आदतन नशा तस्करों को निरुद्ध किया है। सभी को तीन महीने के लिए मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है। वर्ष 2026 में इस कानून के तहत कार्रवाई का आंकड़ा 51 पहुंच गया है।

TV Incharge

2 मिनट
शिमला पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 2026 में 51 आदतन तस्कर किए निरुद्ध

PIT-NDPS एक्ट के तहत आठ और तस्करों पर कार्रवाई, तीन महीने के लिए मॉडल सेंट्रल जेल कंडा भेजे गए

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने PIT-NDPS अधिनियम, 1988 के तहत आठ और आदतन नशा तस्करों को निरुद्ध किया है। इन सभी को तीन महीने की अवधि के लिए मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है। इसके साथ ही वर्ष 2026 में इस कानून के तहत निरुद्ध किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 51 हो गई है।

ASP शिमला सिटी मेहर पंवर ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले अपराधियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई भी कर रही है। इसी कड़ी में सक्षम प्राधिकारी हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी आदेशों के बाद आठ आरोपियों को निरुद्ध किया गया है।

आठ आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत दर्ज हैं मामले

ASP के अनुसार, निरुद्ध किए गए आरोपियों में अमित लूथरा और सुनील कुमार के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत दो-दो मामले दर्ज हैं। अत्तर सिंह, रुब्बल जडाइक और राजू चौहान के खिलाफ चार-चार मामले दर्ज हैं। वहीं, महेश ठाकुर, गोपी चंद और मोहित वर्मा के खिलाफ भी दो-दो मामले दर्ज हैं। इन सभी को 4 और 5 नवंबर 2026 को निरुद्ध किया गया।

2025 में तीन, जबकि 2026 में 51 तस्करों पर कार्रवाई

ASP मेहर पंवर ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 51 लोगों को PIT-NDPS एक्ट के तहत निरुद्ध किया जा चुका है। वहीं, वर्ष 2025 में इस कानून के तहत केवल तीन लोगों पर कार्रवाई हुई थी। वर्ष 2023 और 2024 में इस अधिनियम के तहत एक भी व्यक्ति को निरुद्ध नहीं किया गया था।

उन्होंने कहा कि आदतन नशा तस्करों और सप्लायरों को दोबारा अवैध कारोबार में सक्रिय होने से रोकने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ निवारक कार्रवाई भी जारी रहेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें