उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सेरी मंच से रैली को दिखाई हरी झंडी, पिछले साल 1,049 शिक्षण संस्थान और 68 गांव हुए थे तंबाकू मुक्त
मंडी जिले में युवाओं को तंबाकू और निकोटीन की लत से बचाने के लिए शुक्रवार को तंबाकूमुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सेरी मंच से 60 दिवसीय अभियान की शुरुआत करते हुए विद्यार्थियों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान 26 दिसंबर 2026 तक जिलेभर में चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त बनाना है।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी जरूरी है। आगामी दो महीनों में विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
निर्धारित मापदंडों के अनुसार प्रत्येक शिक्षण संस्थान की बाहरी सीमा से 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और शिक्षा विभाग सहित संबंधित प्रवर्तन एजेंसियां संयुक्त रूप से काम करेंगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं में तंबाकू सेवन की शुरुआत अक्सर किशोरावस्था में होती है। तंबाकू और निकोटीन की लत आगे चलकर अन्य नशीले पदार्थों के सेवन का जोखिम भी बढ़ा सकती है।
ऐसे में अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के प्रत्येक सदस्य को युवाओं को तंबाकू से दूर रखने के लिए जागरूक रहना होगा। अभियान के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों, विकास खंड अधिकारियों और विभिन्न विभागों के सहयोग से जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत मंडी में वॉकाथॉन भी आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि पिछले वर्ष अभियान के तहत मंडी जिले के 1,049 शिक्षण संस्थानों और 68 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया था। इस वर्ष जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने और तंबाकू मुक्त गांवों की संख्या में कम से कम 50 प्रतिशत वृद्धि करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों को भी तंबाकू मुक्त बनाने के लिए जिला एवं खंड स्तर पर गठित टीमें निरीक्षण और प्रवर्तन गतिविधियां चलाएंगी।
अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों और सामुदायिक स्तर पर रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, प्रभात फेरियों, मैराथन और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाई जाएगी।
तंबाकू नियंत्रण कानूनों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू सेवन और बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों की टीमें नियमित निरीक्षण करेंगी।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी तंबाकू के दुष्प्रभावों और इसके नियंत्रण को लेकर जन-जागरूकता फैलाने में सहयोग देने का आग्रह किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आईटीआई के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube