समग्र शिक्षा के तहत खंड स्तरीय प्रतियोगिता में राजगढ़, नारग, नौहराधार और संगड़ाह के बच्चों ने लिया हिस्सा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मेडल पहनाकर किया सम्मानित
सिरमौर जिले के राजगढ़ में आयोजित खंड स्तरीय एकीकृत खेलों में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया। समग्र शिक्षा के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राजगढ़, नारग, नौहराधार और संगड़ाह शिक्षा खंडों के विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों ने भाग लिया।
खेलों की खास बात यह रही कि विशेष बच्चों को सामान्य सहपाठियों के साथ एक साझा मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला।
प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे जोश के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा और खेल की मुख्यधारा से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना और बिना किसी भेदभाव के समान अवसर उपलब्ध करवाना रहा।
समग्र शिक्षा सिरमौर की जिला समन्वयक आईईडी शिवानी थापा ने बताया कि इन खेलों के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सामान्य बच्चों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया गया।
इससे उनमें आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित होगी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे आगे राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक भी पहुंच सकते हैं।
जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा सिरमौर की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले के सभी शिक्षा खंडों में 5 नवंबर से पहले खंड स्तरीय एकीकृत खेलों का आयोजन निर्धारित किया गया था।
इसी कड़ी में राजगढ़ में भी तय समयावधि के भीतर प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इन खेलों में भाग लेने के लिए 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पात्र रखा गया था। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
समग्र शिक्षा की यह पहल विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की क्षमताओं को पहचानने, उन्हें प्रोत्साहित करने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। खेल के मैदान में सामान्य और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की एक साथ भागीदारी ने समान अवसर, सहयोग और समावेशिता का संदेश दिया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube