धनतेरस पर शहर में वाहनों की भारी भीड़ के बीच हुआ हादसा, एक बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त; काफी देर तक लगा जाम
हमीरपुर शहर के मृदुल चौक पर शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्राले ने पांच वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है। टक्कर से दो बोलेरो गाड़ियों, दो स्कूटी और एक बाइक को नुकसान पहुंचा है। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
धनतेरस के चलते शुक्रवार को हमीरपुर शहर में वाहनों की भारी भीड़ थी और कई जगह लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। इसी दौरान ट्राला गलत दिशा से आते हुए सामने से आ रहे वाहनों से टकरा गया।
हादसे के बाद मृदुल चौक पर काफी देर तक जाम लगा रहा, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल करवाया। शहर की लगभग सभी प्रमुख सड़कों पर दिनभर ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित रही।
एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित ट्राले ने करीब पांच वाहनों को टक्कर मारी है। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube