बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर के छात्र के घायल होने की घटना की पुलिस कर रही जांच, सरकार के निर्देश पर निशुल्क उपचार जारी
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में सेना के लिए अत्याधुनिक ड्रोन विकसित करने के प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में आए बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर, बडू के छात्र सर्वेश शर्मा हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर घायल हो गए। घटना बुधवार दोपहर बाद की बताई जा रही है। घायल छात्र को उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद छात्र के हॉस्टल से गिरने के कारणों को लेकर विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं। उनके तीसरी मंजिल से छलांग लगाने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सरकार के निर्देश पर छात्र का निशुल्क उपचार
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मेडिकल सुपरीटेंडेंट (एमएस) डॉ. देशराज शर्मा ने बताया कि बहुतकनीकी संस्थान के एक छात्र के गिरकर घायल होने की सूचना मिली थी। छात्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है और उसका उपचार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से सर्वेश शर्मा का निशुल्क उपचार करने के निर्देश मिले हैं। इसके तहत उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
87 हजार रुपये की लागत से सेना के लिए बनाया था ड्रोन
गौरतलब है कि बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर, बडू में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर के छात्र सर्वेश शर्मा ने करीब 87 हजार रुपये की लागत से सेना के लिए ड्रोन तैयार किया था। उनके इस प्रोजेक्ट के लिए करोड़ों रुपये की फंडिंग मिलने की जानकारी सामने आने के बाद वह चर्चा में आए थे। उनके तकनीकी नवाचार और उपलब्धि की काफी सराहना हुई थी।
सर्वेश शर्मा के इस प्रोजेक्ट को लेकर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी उन्हें बधाई दी थी।
फिलहाल, छात्र के घायल होने की घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। वहीं, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सर्वेश शर्मा का उपचार जारी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube