प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई, बिना लाइसेंस तंबाकू बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर कार्रवाई
तंबाकू मुक्त अभियान के तहत सोमवार को लडभड़ोल के मुख्य बाजार और बस स्टैंड पर प्रशासन, पुलिस तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने बिना लाइसेंस तंबाकू उत्पाद बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के चालान काटे।
नागरिक चिकित्सालय लडभड़ोल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. उर्वशी और स्वास्थ्य शिक्षक सुनीता कुमारी के नेतृत्व में फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने बाजार का दौरा किया। इस दौरान दुकानदारों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।
28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक विशेष अभियान
स्वास्थ्य शिक्षक सुनीता कुमारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक विशेष तंबाकू मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में फ्लाइंग स्क्वाड ने दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोटपा की धारा-4 के तहत चालान किए गए और दुकानदारों को नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
दुकानदारों को नियमों का पालन करने के निर्देश
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकानों के भीतर या आसपास किसी को भी धूम्रपान अथवा तंबाकू उत्पादों के सेवन की अनुमति न दी जाए। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया या परिसर में तंबाकू के अवशेष मिले, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube