त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला खाद्य सुरक्षा विभाग ने सुजानपुर बाजार में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने मिठाई, फास्ट फूड और किराना की 15 से 20 दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खराब गुणवत्ता वाला 30 किलो बेसन और चमचम मिठाई मौके पर ही नष्ट की गई।
टीम ने भविष्य स्वीट्स शॉप सहित मुख्य बाजार की दुकानों में छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान गुलाब जामुन, बर्फी, रसगुल्ला, चटनी, टोमैटो सॉस सहित अन्य मिठाइयों और खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लिए गए।
मिठाइयों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर चेतावनी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर ने दुकानदारों को मिठाइयों में प्रतिबंधित और हानिकारक फूड कलर का इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल FSSAI के निर्धारित मानकों के अनुरूप रंगों का सीमित मात्रा में प्रयोग किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर जागरूक किया
निरीक्षण के दौरान पनीर, मक्खन, दूध और खोया जैसे डेयरी उत्पादों को लेकर भी दुकानदारों और लोगों को जागरूक किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को मिलावटी और बिना बिल वाले डेयरी उत्पाद न बेचने तथा दूध और पनीर ताजा और अच्छी गुणवत्ता का रखने के निर्देश दिए। खुले और लंबे समय से रखे बासी खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने को भी कहा गया।
खाद्य पदार्थ खरीदते समय बिल और एक्सपायरी डेट जांचने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम लोगों से खाद्य पदार्थ खरीदते समय एक्सपायरी डेट, पैकेजिंग और बिल जरूर लेने की अपील की। किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट का संदेह होने पर विभाग को सूचित करने का आग्रह भी किया गया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube