98 इंफोर्समेंट और 82 सर्विलांस सैंपल एकत्रित, मिलावट के 24 मामले एडीएम कोर्ट और 2 जुडिशियल कोर्ट में दायर
आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत मिठाइयों की दुकानों, डेरियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त वीरेंद्र चौहान ने बताया कि अब तक जिले में कुल 180 सैंपल एकत्रित किए जा चुके हैं। इनमें 98 इंफोर्समेंट सैंपल और 82 सर्विलांस सैंपल शामिल हैं।
सैंपल फेल होने के आधार पर 24 मामले एडीएम कोर्ट और दो मामले जुडिशियल कोर्ट में दायर किए गए हैं। इसके अलावा खाद्य पदार्थों में मिलावट की त्वरित जांच के लिए मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन भी सक्रिय है।
खाद्य सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान
वीरेंद्र चौहान ने बताया कि खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभाग की ओर से अब तक 28 प्रशिक्षण कार्यक्रम और 46 जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से खाद्य कारोबारियों और आम जनता को सुरक्षित खाद्य पदार्थों तथा खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई।
मिठाइयां खरीदते समय रखें इन बातों का ध्यान
सहायक आयुक्त ने उपभोक्ताओं से अपील की कि मिठाइयां खरीदते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और ढककर रखी गई मिठाइयों को ही प्राथमिकता दें। उन्होंने कृत्रिम रंगों के अधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह भी दी।
खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता से संबंधित शिकायत के लिए उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 7649900015 पर संपर्क कर सकते हैं या फास्ट पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। वहीं, खाद्य कारोबारियों को भी प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube