बोले- छात्र राजनीति से निकलकर विधानसभा तक पहुंचते हैं युवा नेता, मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाएंगे मांग
हिमाचल प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग एक बार फिर उठी है। एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष वीर सिंह ने प्रदेश में छात्र संघ चुनावों की बहाली की मांग करते हुए कहा कि छात्र राजनीति युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है।
छात्र राजनीति से निकलकर कई युवा नेता आज विधानसभा तक पहुंच चुके हैं और वहां अपनी बात रख रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में छात्र संघ चुनावों को बहाल करना जरूरी है।
प्रेस वार्ता के दौरान वीर सिंह ने संगठन की ओर से उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई की नई कार्यकारिणी में चुनाव के माध्यम से आम परिवारों के युवाओं को आगे आने का मौका मिला है। इससे युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
वीर सिंह ने बताया कि वह पिछले दस वर्षों से छात्र राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाई जाएगी। इसके अलावा एनएसयूआई इस मुद्दे को मीडिया, बैठकों और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्र संघ चुनावों की बहाली को लेकर विचार कर रही होगी।
केंद्रीय विश्वविद्यालय में एनएसयूआई की कमजोर स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर वीर सिंह ने कहा कि संगठन विस्तार की प्रक्रिया लगातार जारी रहती है। जिन क्षेत्रों में संगठन पीछे है, वहां की स्थिति को स्वीकार करते हुए उसे मजबूत बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube