बहडाला में पुलिस की कार्रवाई, पंजाब से सप्लाई के लिए लाया जा रहा था पनीर; कंडाघाट लैब में होगी जांच
त्योहारी सीजन के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी बढ़ गई है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर स्थित बहडाला में पुलिस ने पंजाब से सप्लाई के लिए लाया जा रहा करीब डेढ़ क्विंटल पनीर पकड़ा। पुलिस ने पनीर को जांच के लिए अपने कब्जे में लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी साक्षी शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। विभागीय टीम ने पनीर की जांच करने के बाद उसके सैंपल भरे। अब इन सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी
खाद्य सुरक्षा अधिकारी साक्षी शर्मा ने बताया कि त्योहारों के दौरान अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में कई बार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता किया जाता है, जिससे लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और जांच अभियान तेज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग की ओर से गाड़ी पकड़े जाने के बाद उन्हें सूचना दी गई थी। इसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पनीर की सैंपलिंग की कार्रवाई पूरी की।
कारोबारी ने जांच प्रक्रिया में सहयोग की बात कही
वहीं, पंजाब से पनीर की सप्लाई लेकर आ रहे कारोबारी दर्शन दीप ने कहा कि वह विभाग की पूरी प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि उनके खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि जांच रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी वह स्वयं लेने के लिए तैयार हैं।
फिलहाल पनीर के सैंपल की प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube