समावेशी शिक्षा के तहत आयोजित कैंप में दिव्यांगता का आकलन, ALIMCO द्वारा पात्र बच्चों को उपकरण देने की योजना
समावेशी शिक्षा के अंतर्गत ब्लॉक एजुकेशन ऑफिस, सोलन में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी सोलन हरि राम चंदेल की पहल पर आयोजित इस कैंप में सोलन और धर्मपुर क्षेत्र के लगभग 70 बच्चों तथा उनके अभिभावकों ने भाग लिया।
कैंप में ALIMCO (Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India) की मेडिकल टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण और दिव्यांगता का आकलन किया। टीम में डॉक्टर अमर, बहादुर, अनिल और सुमित शामिल रहे।
विभिन्न दिव्यांगताओं का किया गया आकलन
कैंप में चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता (Locomotor Disability), श्रवण बाधित (Hearing Impairment), वाक् एवं भाषा संबंधी दिव्यांगता (Speech Disability) तथा बौद्धिक दिव्यांगता (Intellectual Disability) से संबंधित बच्चों का आकलन किया गया।
इस अवसर पर DIET सोलन की समावेशी शिक्षा समन्वयक जूली रिचर्ड भी उपस्थित रहीं। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान CWSN विद्यार्थियों का पंजीकरण किया गया और विभिन्न दिव्यांगताओं से संबंधित बच्चों की आवश्यकताओं का आकलन किया गया।
जून 2027 तक वितरित होंगे सहायक उपकरण
आकलन के आधार पर पात्र बच्चों को ALIMCO द्वारा आवश्यक सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग जून 2027 तक वितरित किए जाने की योजना है।
कैंप में विशेष शिक्षिका रंजना देवी और ललिता तथा BEEO कार्यालय से शुभम, तनुजा और लता ने भी भाग लिया। उन्होंने बच्चों और उनके अभिभावकों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। कैंप का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की आवश्यकताओं की पहचान करना, उन्हें चिकित्सा सहायता और सहायक उपकरण उपलब्ध करवाना तथा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना था।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube