चौगान मैदान में प्लाट आवंटन से नगर परिषद को 1.81 लाख रुपये की आमदनी, ददाहू और कालाअंब में भी बिक्री स्थल चिन्हित
दीपावली पर्व को लेकर जिला मुख्यालय नाहन में पटाखों की बिक्री के लिए प्रशासन और नगर परिषद ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ऐतिहासिक चौगान मैदान में पटाखों की दुकानों के लिए कुल 45 प्लाट बनाए गए हैं। आवंटन के पहले दिन 31 प्लाट व्यापारियों को आवंटित किए गए, जिससे नगर परिषद को 1 लाख 81 हजार रुपये की आमदनी हुई।
उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव संख्यान की अगुवाई में प्लाट आवंटन प्रक्रिया आयोजित की गई। प्रशासन ने सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए नाहन सहित उपमंडल के अन्य प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में पटाखों की बिक्री के लिए सुरक्षित और खुले स्थान चिन्हित किए हैं।
नाहन, ददाहू और कालाअंब में बिक्री स्थल निर्धारित
एसडीएम राजीव संख्यान ने बताया कि नाहन में चौगान मैदान, ददाहू में गिरी नदी और औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में मारकंडा नदी के किनारे पटाखों की बिक्री के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं। इन स्थलों पर अग्निशमन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
6 नवंबर को शेष प्लाटों का होगा आवंटन
चौगान मैदान में बनाए गए 45 प्लाटों में से पहले दिन 31 प्लाट आवंटित किए गए हैं। शेष प्लाटों का आवंटन 6 नवंबर को चौगान मैदान में आयोजित प्रक्रिया के दौरान किया जाएगा।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बिक्री पर प्रतिबंध
एसडीएम ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर है। भीड़भाड़ वाले इलाकों और मुख्य बाजारों में पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर बाजार में पटाखे बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube