कार्यकारी अधिकारी की तैनाती न होने से वेतन जारी करने समेत कामकाज प्रभावित, कर्मचारियों ने अध्यक्ष से लगाई गुहार
जिला मुख्यालय नाहन की नगर परिषद में कार्यकारी अधिकारी (ईओ) का पद पिछले करीब 15 दिनों से रिक्त चल रहा है। इससे नगर परिषद का कामकाज प्रभावित हो रहा है। अब महीने के अंतिम दिनों में कर्मचारियों को वेतन की चिंता भी सताने लगी है। शनिवार को नगर परिषद के कर्मचारियों ने इस समस्या से अध्यक्ष उपमा धीमान को अवगत करवाते हुए समय पर वेतन जारी करने की मांग उठाई।
नगर परिषद कर्मचारी यूनियन के उपाध्यक्ष गुरविंद्र सिंह ने बताया कि कार्यकारी अधिकारी का पद खाली होने के कारण वेतन जारी करने समेत अन्य कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आगे त्योहारी सीजन है और एक नवंबर को रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा। ऐसे में कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलने की चिंता है। उन्होंने प्रदेश सरकार, स्थानीय विधायक और नगर परिषद अध्यक्ष से जल्द कार्यकारी अधिकारी की तैनाती करने की मांग की, ताकि वेतन जारी होने के साथ रुके हुए कामकाज भी सुचारू रूप से चल सकें।
वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने बताया कि अक्टूबर माह में कार्यकारी अधिकारी का स्थानांतरण होने के बाद यह पद रिक्त हुआ है। इस संबंध में विधायक, प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग को लिखित रूप से अवगत करवाकर जल्द नियुक्ति की मांग की गई है।
उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनका वेतन और अन्य कामकाज प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे तथा जल्द ही रिक्त पद को भरवाने का प्रयास किया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube