चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, वाइल्ड फ्लावर हॉल से हर साल 37 करोड़ रुपये राजस्व मिलने का किया दावा
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिल्ली में कांग्रेस के आंदोलन के दौरान शिमला में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को बचाने की है।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि यदि देश में लोकतंत्र नहीं होता तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 18 राज्यों में भाजपा की सरकारें कैसे बनतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश में शासन किया, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के साथ छेड़छाड़ नहीं की। लोकतंत्र संविधान के आधार पर चलता है और कांग्रेस इसी संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है।
वाइल्ड फ्लावर हॉल से हर साल 37 करोड़ राजस्व मिलने का दावा
वाइल्ड फ्लावर हॉल की बिडिंग को लेकर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस होटल से प्रदेश सरकार को हर साल 37 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा। अगले 20 वर्षों में यह राशि करीब एक हजार करोड़ रुपये होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने कानूनी लड़ाई लड़कर इस संपत्ति पर अपना अधिकार हासिल किया और 401 करोड़ रुपये प्राप्त किए।
मुख्यमंत्री के अनुसार होटल की बिडिंग में लीला होटल्स और ओबेरॉय समूह की कंपनी ईआईएच के बीच प्रतिस्पर्धा हुई। बोली जीतने वाली कंपनी को प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए पहले 12 करोड़ रुपये जमा करवाने होंगे। इसके बाद ही बोली को स्वीकार किया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube