दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली कांग्रेस की रैली पर उठाए सवाल, बोले- सुक्खू सरकार ने चार साल में जनता पर महंगाई के बोझ के साथ वसूले 45 हजार करोड़ रुपये
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर देश में अराजकता और भ्रम का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह देश का माहौल बिगाड़ने का काम कर रही है।
भाजपा इसी के विरोध में देशभर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राएं निकाल रही है। नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा इन पदयात्राओं के माध्यम से जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों और बयानों को लेकर अपना पक्ष रख रही है।
डॉ. राजीव बिंदल ने 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने के लिए देश विरोधी शक्तियों के साथ मिलकर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विश्व पटल पर मजबूती से स्थापित करने का काम कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस सत्ता के लालच में देश का माहौल बिगाड़ने में जुटी है।
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस लगातार संविधान की दुहाई देती है, लेकिन उसके शासनकाल में कई बार संविधान की मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा कि वोट के अधिकार से सत्ता हासिल की जा सकती है, लेकिन देश का माहौल बिगाड़कर सत्ता हथियाने की कोशिश स्वीकार्य नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के चार साल पूरे हो चुके हैं और चुनावी वर्ष शुरू होने के साथ ही सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
उनके अनुसार, पिछले चार वर्षों में प्रदेश की जनता को महंगाई के लगातार झटके झेलने पड़े हैं और विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने डीजल और पेट्रोल पर 7 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त वैट लगाया और अब 3 रुपये प्रति लीटर सेस लगाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है।
डॉ. बिंदल ने सवाल उठाया कि प्रदेश सरकार ने कर्ज के 45 हजार करोड़ रुपये और महंगाई के नाम पर जनता से कथित तौर पर वसूले गए 45 हजार करोड़ रुपये कहां खर्च किए हैं। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और मित्रों को लाभ पहुंचाने के आरोप भी लगाए। बिंदल ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्रों में भी मित्रों की सरकार चल रही है और जनता परेशान है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से महंगाई और जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर जवाब देने की मांग की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube