डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी, स्कूली बच्चे रोजाना पथरीले रास्तों और खड़ी चढ़ाई से गुजरने को मजबूर
आजादी के दशकों बाद भी चंबा जिला के कई गांव सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाए हैं। डलहौजी विधानसभा क्षेत्र की नड्डल पंचायत के जुतरान गांव में भी ग्रामीण सड़क का इंतजार कर रहे हैं।
यहां सड़क सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा का सामान खच्चरों के माध्यम से ढोकर ले जाना पड़ता है। वहीं, स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए हर दिन करीब चार किलोमीटर का दुर्गम सफर पैदल तय करना पड़ रहा है।
नड्डल से जुतरान गांव तक सड़क नहीं होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों को पथरीले रास्तों, खड़ी चढ़ाई और खतरनाक उतराई से गुजरकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। जंगल के बीच से गुजरने वाला यह सुनसान रास्ता बच्चों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण है। सर्दी के मौसम में भी बच्चों को इसी रास्ते से स्कूल जाना पड़ता है।
स्थानीय परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि जब पंचायत प्रतिनिधियों, स्कूल प्रशासन और प्रदेश सरकार को इस समस्या की जानकारी है, तो बच्चों और ग्रामीणों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा। जुतरान गांव की स्थिति क्षेत्र में सड़क सुविधा की कमी और ग्रामीणों के सामने आ रही परेशानियों को सामने ला रही है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube