कृषि, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों के तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी में तय होगी विकास कार्यों की रूपरेखा
विकसित भारत जी-राम-जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर हमीरपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। योजना के तहत पंचायत स्तर पर आगामी विकास कार्यों का प्लान तैयार करने के लिए जिला मुख्यालय स्थित DRDA मीटिंग हॉल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की योजना तैयार करते समय संबंधित विभागों के तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें और जरूरत के मुताबिक धरातल पर काम हो सके।
DRDA अधिकारी हमीरपुर अस्मिता ठाकुर ने बताया कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना जुलाई 2026 से शुरू हुई है। इसके तहत अब पंचायत स्तर पर आगामी विकास कार्यों की योजना तैयार की जानी है। इसी उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी विभागों के प्रमुखों (एचओडी) से आग्रह किया गया है कि पंचायत स्तर पर योजना तैयार करने के दौरान संबंधित विभाग के तकनीकी अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई जाए। कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े कार्यों और लाभार्थियों की जरूरतों को भी पंचायत स्तर पर तैयार होने वाले प्लान में शामिल किया जाना है।
अस्मिता ठाकुर ने कहा कि सभी विभागों के आपसी समन्वय और तकनीकी अधिकारियों के सहयोग से विकास कार्यों का सही आकलन हो सकेगा। इससे पंचायत स्तर पर तैयार होने वाली योजनाएं व्यवस्थित और प्रभावी होंगी तथा विकास कार्यों को सही दिशा में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube