हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सख्त कार्रवाई की है। वीरवार को विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न ढाबों, दुकानों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान मंडी बस अड्डा परिसर में करीब पांच किलो खराब पनीर, कॉकरोच मिला गूंथा हुआ आटा, बासी सब्जियां और चूहों के कुतरे हुए बैंगन बरामद हुए। विभागीय टीम ने इन सभी खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
निरीक्षण के दौरान बस अड्डे के एक ढाबे में करीब पांच किलो पनीर खराब हालत में मिला। पनीर से बदबू आ रही थी और वह खाने योग्य नहीं था। वहीं, एक अन्य ढाबे में गूंथे हुए आटे में कॉकरोच पाए गए।
टीम ने इसे भी इस्तेमाल के अयोग्य मानते हुए नष्ट करवा दिया। इसके अलावा अन्य प्रतिष्ठानों में रखी बासी सब्जियां और चूहों के कुतरे हुए बैंगन भी फिंकवा दिए गए। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
मिठाई की दुकानों से लिए सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर की मिठाई की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बर्फी, बेसन के लड्डू और काजू जलेबी के सैंपल जांच के लिए भरे गए। इन नमूनों के माध्यम से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
छह प्रतिष्ठानों के चालान, 10 हजार रुपये जुर्माना
निरीक्षण के दौरान शहर के छह प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई संबंधी कमियां पाई गईं। विभाग ने इनके चालान किए। ये प्रतिष्ठान बिना पंजीकरण के भी संचालित किए जा रहे थे। इसके अलावा खुले में सिगरेट बेचने के मामले में दो दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दोनों से पांच-पांच हजार रुपये के हिसाब से कुल 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील
विभागीय आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव, साफ-सफाई और गुणवत्ता से जुड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि पैकेट बंद और खुली खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें। किसी भी तरह की शंका या शिकायत होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें, ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube