‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ गोष्ठी में डॉ. संजय शर्मा, रीना कश्यप और राकेश डोगरा ने विपक्ष पर लगाए भ्रम फैलाने के आरोप
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। भाजपा मंडल राजगढ़ की ओर से शिव मंदिर में प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
इसमें भाजपा प्रदेश सचिव एवं सिरमौर जिला प्रभारी डॉ. संजय शर्मा, पच्छाद विधायक रीना कश्यप और भाजपा जिला सह प्रभारी राकेश डोगरा ने विपक्ष पर चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने के आरोप लगाए।
गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस दौरान डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र देश की सबसे बड़ी ताकत है।
लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और मताधिकार के जरिए अपनी सरकार चुनने तथा उसे बदलने का अधिकार भी जनता के पास है। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान और लोकतंत्र को खतरे में बताकर राजनीतिक माहौल बनाने तथा आंदोलनों के माध्यम से जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से तथ्यों और प्रमाणों के साथ विपक्ष के आरोपों का जवाब देने का आह्वान किया।
पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर को मतदाता सूचियों को शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की आवश्यक प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य फर्जी मतदाताओं, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों और नियमानुसार अपात्र मतदाताओं की पहचान करना है।
निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर लोगों को जागरूक करने की अपील की।
भाजपा जिला सह प्रभारी राकेश डोगरा ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में विपक्षी दलों की रैली का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष वोट चोरी के मुद्दे पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस ने ईवीएम के माध्यम से चुनाव जीतकर प्रदेश में सरकार बनाई थी। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
डोगरा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि युवा, महिलाएं, किसान और बागवान सरकार से अपने वादों का हिसाब मांग रहे हैं।
गोष्ठी के अंत में भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सरोज बाला, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश वर्मा, देव प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रणजीत ठाकुर, हिरापाल वेदी सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube