कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, 1984 के सिख दंगों को लेकर कांग्रेस से मांगी माफी
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली बहस की चुनौती देने पर पलटवार किया है।
बुधवार को कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचे अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि जिस कांग्रेस पार्टी को सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहने का अवसर मिला, आज वही लोकतंत्र को कमजोर करने में जुटी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकसभा में चर्चा नहीं होने देती और सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के बाद सड़कों पर बहस की बात करती है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस विचलित है और जनता बार-बार पार्टी को नकार रही है। कांग्रेस नेतृत्व पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चीन के दार्शनिक कन्फ्यूशियस थे, जबकि कांग्रेस के नेता 'कन्फ्यूज अस' हैं।
उन्होंने ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर कांग्रेस के सवालों को लेकर भी निशाना साधा। ठाकुर ने कहा कि यदि कांग्रेस को चुनाव प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है तो उसे उन राज्यों में जीत के बाद भी सवाल उठाने चाहिए, जहां इसी प्रक्रिया से उसे सफलता मिली है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी झूठ और भ्रम फैलाकर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं और कांग्रेस का उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को बदनाम करना है।
पंजाब के संगरूर में आयोजित इंसाफ रैली और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुराग ठाकुर ने 1984 के सिख दंगों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पंजाब और देश के सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए। ठाकुर ने कहा कि 1984 में सिखों के साथ हुई हिंसा के जख्म आज भी गहरे हैं।
उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बयान का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा और राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या वह उस दौर में सिखों के साथ हुए अत्याचारों को सही मानते हैं। ठाकुर ने कहा कि यदि कांग्रेस अपनी गलतियों को स्वीकार करती है तो राहुल गांधी को पंजाब जाकर सिख समुदाय से माफी मांगनी चाहिए।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube