मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री सुक्खू अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रहे हैं, कलाकार बन गए हैं: राजेंद्र राणा

सार

भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर खुद अपनी वाहवाही करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी, किशाऊ बांध और वाइल्ड फ्लावर हॉल जैसे मामलों का श्रेय किसी एक सरकार को नहीं दिया जा सकता, क्योंकि इनके पीछे दशकों की प्रक्रिया और विभिन्न सरकारों के प्रयास हैं।

TV Incharge

2 मिनट
मुख्यमंत्री सुक्खू अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रहे हैं, कलाकार बन गए हैं: राजेंद्र राणा

भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता ने बीबीएमबी, किशाऊ बांध और वाइल्ड फ्लावर हॉल के मामलों पर मुख्यमंत्री को घेरा, बोले- अदाकारी का शौक है तो कुर्सी छोड़कर ड्रामा कंपनी शुरू करें

प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू खुद ही अपनी पीठ थपथपाते हैं, अपनी वाहवाही करते हैं और खुद ही तालियां बजाते हैं। राणा ने कहा कि बीबीएमबी, किशाऊ बांध और वाइल्ड फ्लावर हॉल जैसे महत्वपूर्ण मामलों में मुख्यमंत्री को श्रेय लेने के बजाय उनकी वास्तविक पृष्ठभूमि और पूरी प्रक्रिया जनता के सामने रखनी चाहिए।

बीबीएमबी मामले में पूर्व सरकारों के प्रयासों का किया जिक्र

राजेंद्र राणा ने कहा कि बीबीएमबी के गठन और वर्ष 1966 में राज्यों के पुनर्गठन के बाद हिमाचल के अधिकारों का मामला लंबे समय तक लंबित रहा। वर्ष 1990 में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने हिमाचल के अधिकारों के लिए दिल्ली तक अधिकार पदयात्रा निकाली थी। वर्ष 1996 में तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस मामले को सर्वोच्च न्यायालय में ले गए और मूल वाद दायर किया।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के कार्यकाल में 27 सितंबर 2011 को सर्वोच्च न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश को 7.19 प्रतिशत हिस्सेदारी का हकदार माना। हालांकि, संबंधित राज्यों की ओर से भुगतान की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण मामला आगे भी लंबित रहा। इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी इस विषय पर पैरवी जारी रखी।

केंद्र सरकार की भूमिका का भी किया उल्लेख

राणा ने कहा कि केंद्र सरकार की दखल और विभिन्न स्तरों पर हुए संयुक्त प्रयासों से अब इस मामले में समाधान की दिशा में प्रगति हुई है। ऐसे में इसका श्रेय किसी एक सरकार को देना उचित नहीं है। उन्होंने किशाऊ बांध और वाइल्ड फ्लावर हॉल जैसे मामलों में भी मुख्यमंत्री से पूरी पृष्ठभूमि सार्वजनिक करने की मांग की।

'मुख्यमंत्री की बजाय कलाकार बन गए हैं सुक्खू'

राजेंद्र राणा ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को जनता को जवाब देना और प्रदेश के हितों के लिए काम करना चाहिए, न कि अपनी वाहवाही के लिए आयोजन करने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को अदाकारी का इतना ही शौक है तो उन्हें कुर्सी छोड़कर ड्रामा कंपनी शुरू कर देनी चाहिए, जहां हर प्रस्तुति पर तालियां मिलेंगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री से राजनीतिक दिखावे से दूर रहकर जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने की अपील की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें