भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता ने ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ के लिए केंद्र सरकार का जताया आभार, योग्य युवाओं को नियमित सैनिक बनने का भी मिलेगा अवसर
भाजपा प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता पंकज जमवाल ने केंद्र सरकार द्वारा अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ शुरू करने के निर्णय को ऐतिहासिक और दूरगामी बताया है। उन्होंने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि यह कदम देश के युवाओं और सेना, दोनों के हित में है।
पंकज जमवाल ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत अग्निवीरों को चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दो साल और देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा। इससे उनका कुल सेवाकाल छह वर्ष हो जाएगा। उन्होंने बताया कि छठे वर्ष के अंत में योग्य पाए जाने वाले युवाओं को नियमित सैनिक के रूप में स्थायी सेवा का अवसर भी मिलेगा।
जमवाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरों और बलिदानियों की भूमि है। इस निर्णय से प्रदेश के युवाओं का सेना में भर्ती होने का उत्साह और बढ़ेगा तथा वे बिना किसी संशय या डर के देश सेवा के लिए आगे आएंगे।
उन्होंने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने वाले इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube