मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ सुंदरनगर में भाजपा का प्रदर्शन, राकेश जमवाल ने साधा निशाना

सार

सुंदरनगर में कांग्रेस सरकार की नीतियों और बढ़ते आर्थिक बोझ के खिलाफ भाजपा ने प्रदर्शन किया। विधायक राकेश जमवाल ने सरकार पर स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क और जनसुविधाओं के मुद्दे पर जमकर निशाना साधा।

3 मिनट
कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ सुंदरनगर में भाजपा का प्रदर्शन, राकेश जमवाल ने साधा निशाना

भाजपा विधायक राकेश जमवाल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने किया धरना-प्रदर्शन, रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क और बढ़ते टैक्स को लेकर सरकार पर लगाए आरोप

प्रदेश कांग्रेस सरकार की नीतियों और जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में भारतीय जनता पार्टी सुंदरनगर मंडल ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। विधायक एवं प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रेस्ट हाउस से प्रदर्शन शुरू किया।

इसके बाद महाराणा प्रताप चौक और भोजपुरी बाजार होते हुए कार्यकर्ता पुराने बस स्टैंड पहुंचे, जहां धरना-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन के दौरान राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर चुनाव से पहले किए गए वादों और गारंटियों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले जनता को सुविधाएं देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद लोगों को मिल रही सुविधाओं को ही प्रभावित किया जा रहा है।

उन्होंने हिमकेयर योजना और सहारा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले ही महंगाई से परेशान है और सरकार टैक्स तथा सेस के माध्यम से आम आदमी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों ने कांग्रेस की गारंटियों पर भरोसा कर सरकार बनाई, आज वही लोग मूलभूत सुविधाओं और राहत के लिए सरकार के सामने क्यों भटक रहे हैं।

भाजपा विधायक ने युवाओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पांच लाख रोजगार देने की गारंटी दी थी, लेकिन सरकार आज तक इसका हिसाब जनता को नहीं दे पाई है।

युवाओं को नौकरी और स्वरोजगार के अवसर चाहिए, न कि ऐसी व्यवस्थाएं जिनसे उनके भविष्य को कोई दिशा न मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को लॉटरी जैसी बुराई की ओर धकेलने का काम कर रही है।

राकेश जमवाल ने प्रदेश की सड़क और परिवहन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान कई सड़कें बंद हैं और बस सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास बंद सड़कों को समय पर बहाल करने और सुचारू परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की प्रभावी व्यवस्था नहीं है।

स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी के साथ दवाइयों तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की समस्या बनी हुई है। सरकार को अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, दवाइयां और स्टाफ उपलब्ध करवाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धरातल की समस्याओं का समाधान करने के बजाय घोषणाओं में व्यस्त है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास की रफ्तार प्रभावित हुई है। भाजपा सरकार के समय शुरू किए गए विकास कार्यों और पूर्व सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं को रोकने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जनता सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाएं मांग रही है,

लेकिन सरकार के पास केवल घोषणाएं और टैक्स बढ़ाने का रास्ता रह गया है।

राकेश जमवाल ने कहा कि सुंदरनगर में किया गया प्रदर्शन भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन आम नागरिकों की आवाज है जो सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी।

उन्होंने प्रदेश सरकार से जनता को सुविधाएं उपलब्ध करवाने, टैक्स और सेस का बोझ कम करने, युवाओं को रोजगार देने, सड़क एवं बस सेवाओं को बेहतर बनाने और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी नीतियों में बदलाव नहीं किया और जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो भाजपा अपना आंदोलन और तेज करेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें