मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में लॉटरी शुरू करने के फैसले पर राकेश जमवाल का हमला, बोले- युवाओं को रोजगार चाहिए, लॉटरी का टिकट नहीं

सार

भाजपा विधायक राकेश जमवाल ने हिमाचल में लॉटरी शुरू करने के सरकार के फैसले पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर 5 लाख नौकरियों के वादे को पूरा न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं को लॉटरी का टिकट नहीं, रोजगार चाहिए।

3 मिनट
हिमाचल में लॉटरी शुरू करने के फैसले पर राकेश जमवाल का हमला, बोले- युवाओं को रोजगार चाहिए, लॉटरी का टिकट नहीं

भाजपा विधायक ने कांग्रेस सरकार पर 5 लाख नौकरियों के वादे को लेकर साधा निशाना, पर्यटन, जल विद्युत और निवेश बढ़ाने की दी सलाह

हिमाचल प्रदेश में लॉटरी शुरू करने के सरकार के फैसले को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार देने की गारंटी तो पूरी नहीं की, लेकिन अब राजस्व जुटाने के लिए लॉटरी शुरू करने की तैयारी की जा रही

है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवाओं को रोजगार चाहिए, लॉटरी का टिकट नहीं।

राकेश जमवाल ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले 5 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। सरकार के चार वर्ष पूरे होने को हैं, लेकिन युवाओं को वादे के मुताबिक रोजगार नहीं मिला और न ही स्थायी रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं के भविष्य के साथ अब लॉटरी के जरिए खिलवाड़ किया जा रहा है।

लॉटरी शुरू करने के फैसले पर उठाए सवाल

भाजपा विधायक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पहले भी लॉटरी चलती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे बंद करने का फैसला लिया था। इसके बाद प्रदेश में बनी सरकारों ने भी इसे दोबारा शुरू नहीं किया। ऐसे में वर्तमान कांग्रेस सरकार का लॉटरी शुरू करने का निर्णय दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह हिमाचल को किस दिशा में ले जाना चाहती है। एक ओर प्रदेश में नशे की समस्या गंभीर होती जा रही है और दूसरी ओर सरकार कभी भांग की खेती को रोजगार का माध्यम बनाने की बात करती है तो अब लॉटरी शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग

राकेश जमवाल ने कहा कि सरकार को युवाओं को लॉटरी या अन्य ऐसे रास्ते दिखाने के बजाय शिक्षा, कौशल विकास, उद्योग, पर्यटन और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए सरकार के पास कई बेहतर विकल्प मौजूद हैं।

उन्होंने हिमाचल की प्राकृतिक संपदा, पर्यटन क्षमता, जल विद्युत, औद्योगिक निवेश और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर जोर दिया। राकेश जमवाल ने कहा कि शिमला, मनाली और डलहौजी जैसे पर्यटन स्थलों को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित कर रोजगार और राजस्व दोनों बढ़ाए जा सकते हैं।

जल विद्युत और पर्यटन में अपार संभावनाएं

भाजपा विधायक ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय शांता कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने हिमाचल की नदियों में बहते पानी को प्रदेश के लिए सोने के समान बताया था।

जल विद्युत परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के विकास की दिशा तय की गई थी। उन्होंने कहा कि आज भी हिमाचल के पास जल विद्युत, पर्यटन और प्राकृतिक संसाधनों की अपार संभावनाएं हैं, जिनका बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।

‘युवाओं के भविष्य को दांव पर लगाना सही नहीं’

राकेश जमवाल ने कहा कि राजस्व बढ़ाने के लिए युवाओं के भविष्य को दांव पर लगाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। सरकार को रोजगार सृजन, निवेश और पर्यटन विकास के जरिए प्रदेश की वित्तीय स्थिति सुधारने की दिशा में काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं करेगी। आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर ऐसी नीतियों की समीक्षा की जाएगी और युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार तथा बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए ठोस एवं दीर्घकालिक नीति बनाई जाएगी।

भाजपा विधायक ने कहा कि हिमाचल के युवाओं की आकांक्षाएं बड़ी हैं और उन्हें सरकार से रोजगार एवं बेहतर अवसर चाहिए। सरकार को युवाओं के हाथ में लॉटरी का टिकट नहीं, बल्कि रोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर देना चाहिए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें