मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में दिवाली से लॉटरी शुरू करने पर सियासत गरम, जयराम ठाकुर बोले- युवाओं को बर्बाद कर रही सरकार

सार

हिमाचल प्रदेश में दिवाली से सरकारी लॉटरी शुरू करने की तैयारी को लेकर सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार के फैसले का विरोध करते हुए इसे युवाओं के लिए नुकसानदायक बताया। वहीं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि लॉटरी SOP के तहत नियंत्रित तरीके से शुरू की जाएगी और सरकार ने इससे सालाना करीब 100 करोड़ रुपये राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है।

3 मिनट
हिमाचल में दिवाली से लॉटरी शुरू करने पर सियासत गरम, जयराम ठाकुर बोले- युवाओं को बर्बाद कर रही सरकार

सरकार ने SOP के साथ लॉटरी शुरू करने का किया बचाव, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान बोले- सालाना 100 करोड़ कमाई का लक्ष्य

हिमाचल प्रदेश में दिवाली से सरकारी लॉटरी शुरू करने के सरकार के फैसले को लेकर सियासत गरमा गई है। विपक्षी भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के नाम पर लॉटरी शुरू करने का फैसला लिया जा रहा है।

वहीं सरकार का कहना है कि कई राज्यों में लॉटरी वैध रूप से संचालित हो रही है और इससे सरकार को राजस्व भी मिल रहा है। इसी तर्ज पर हिमाचल में भी SOP के तहत नियंत्रित तरीके से लॉटरी शुरू करने की तैयारी है।

जयराम ठाकुर ने लॉटरी के फैसले पर सरकार को घेरा

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लॉटरी शुरू करने के फैसले का विरोध करते हुए कहा कि इसके कारण पहले हिमाचल में कई परिवार बर्बाद हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि कई लोगों ने लॉटरी के चलते अपनी जमीन तक बेच दी थी। जयराम ठाकुर ने कहा कि इसी वजह से भाजपा सरकार के समय लॉटरी को बंद किया गया था।

उन्होंने लॉटरी की तुलना नशे से करते हुए कहा कि इसकी लत लगने के बाद व्यक्ति तब तक इससे बाहर नहीं निकल पाता, जब तक वह बर्बाद न हो जाए। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के बजाय अपने निजी फायदे के लिए लॉटरी शुरू कर रही है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि लॉटरी शुरू करने के फैसले को तुरंत वापस लिया जाए। जयराम ठाकुर ने यह भी कहा कि जिस कंपनी को लॉटरी का टेंडर मिला है, वह आगे चलकर जांच का विषय बन सकता है।

सरकार बोली- SOP के तहत होगी नियंत्रित लॉटरी

वहीं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सरकार का पक्ष रखते हुए स्पष्ट किया कि प्रदेश में सिंगल लाइन या सिंगल डिजिट लॉटरी शुरू नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य वैध और नियंत्रित तरीके से लॉटरी का संचालन करना है।

सरकार का तर्क है कि लॉटरी को SOP के तहत संचालित करने से अवैध जुए और सट्टेबाजी पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे प्रदेश के राजस्व में भी बढ़ोतरी की जा सकती है।

सालाना 100 करोड़ रुपये कमाई का लक्ष्य

हर्षवर्धन चौहान के मुताबिक, केरल और पंजाब की तर्ज पर हिमाचल में लॉटरी शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। सरकार ने इससे करीब 100 करोड़ रुपये सालाना राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने बताया कि लॉटरी से जुड़े कानूनी, प्रशासनिक और वित्तीय पहलुओं का विस्तृत अध्ययन किया गया है। अध्ययन के बाद स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार कर ली गई है और संबंधित फाइल अब वित्त विभाग की मंजूरी के लिए भेजी गई है।

अब वित्त विभाग की मंजूरी के बाद यह देखना होगा कि सरकार लॉटरी योजना को कब तक लागू करती है और इससे सरकारी खजाने को कितनी वास्तविक आय होती है। साथ ही इस फैसले को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच सियासी बहस आगे किस दिशा में जाती है, इस पर भी नजर रहेगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें