मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

तिब्बत के लारुंग गार बौद्ध केंद्र पर चीन का शिकंजा, मठवासी आवासों का ध्वस्तीकरण तेज

सार

तिब्बत के प्रसिद्ध लारुंग गार बौद्ध केंद्र में चीन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, भिक्षुओं और भिक्षुणियों के आवासीय परिसरों को गिराने की कार्रवाई जारी है। परिसर में प्रवेश और आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। वहीं, पंचेन लामा की तस्वीर दिखाने वाले एक भिक्षु को हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है।

3 मिनट
तिब्बत के लारुंग गार बौद्ध केंद्र पर चीन का शिकंजा, मठवासी आवासों का ध्वस्तीकरण तेज

सुरक्षा बढ़ाकर प्रवेश पर लगाई पाबंदी, पंचेन लामा की तस्वीर दिखाने वाले भिक्षु को हिरासत में लेने का दावा

तिब्बत के सेर्ता स्थित प्रसिद्ध लारुंग गार बौद्ध केंद्र पर चीन का शिकंजा और कसता जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां बड़ी संख्या में सैनिकों की तैनाती के बीच भिक्षुओं, भिक्षुणियों और अन्य धार्मिक साधकों के आवासीय परिसरों को गिराने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

तिब्बत टाइम्स के अनुसार, ध्वस्तीकरण अभियान शुरू होने के बाद लारुंग गार में प्रवेश और आवाजाही पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। मुख्य मार्ग पर चेकप्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से सीमित संख्या में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को कड़ी निगरानी के बीच प्रवेश दिया जा रहा है।

प्रवेश की अनुमति पाने वालों को चेकप्वाइंट से उपलब्ध सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना पड़ता है और परिसर में स्वतंत्र रूप से घूमने की अनुमति नहीं है।

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि तिब्बत और चीन के अन्य हिस्सों से आने वाले कई पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को भी परिसर में प्रवेश करने से रोका गया है। परिसर में सैन्यकर्मियों और सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती के साथ लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

13 जुलाई से जारी है ध्वस्तीकरण अभियान

रिपोर्ट के मुताबिक, लारुंग गार में आवासीय परिसरों को गिराने का अभियान 13 जुलाई से शुरू हुआ था। मठ प्रशासन की ओर से अपील किए जाने के बावजूद कार्रवाई जारी रहने का दावा किया गया है। चीनी अधिकारियों ने ध्वस्तीकरण के पीछे भीड़भाड़ और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को वजह बताया है।

ग्युट्रुल ल्हाखांग क्षेत्र के आसपास के कुछ मंदिर और धार्मिक स्थल अपील के बाद बच गए, लेकिन भिक्षुओं और भिक्षुणियों के आवास इस कार्रवाई की चपेट में आ गए। जिन लोगों के आवास तोड़े गए हैं, उन्हें लारुंग गार में रहने से रोककर उनके गृह क्षेत्रों या दूसरे मठों में भेजे जाने की बात कही गई है।

पंचेन लामा की तस्वीर दिखाने पर भिक्षु हिरासत में

ध्वस्तीकरण अभियान के बीच परिसर में ड्रोन से फोटोग्राफी और वीडियो बनाने पर भी रोक लगाए जाने की बात सामने आई है। रिपोर्ट में सैन्यकर्मियों के अलावा सादे कपड़ों में सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती का भी दावा किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, 11 अगस्त को ध्वस्तीकरण के दौरान 10वें पंचेन लामा की तस्वीर दिखाने वाले एक भिक्षु को पुलिस ने हिरासत में लिया। बताया गया है कि हिरासत में लिए गए भिक्षु के वर्तमान ठिकाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

पहले भी हो चुके हैं बड़े पैमाने पर अभियान

तिब्बत टाइम्स के अनुसार, लारुंग गार में चीन इससे पहले 2001, 2016 और 2019 में भी बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चला चुका है। इन अभियानों के दौरान भीड़भाड़ और दस्तावेज संबंधी समस्याओं का हवाला दिया गया था।

मौजूदा कार्रवाई के चलते तिब्बत के इस प्रमुख बौद्ध केंद्र तक पहुंच और वहां होने वाली धार्मिक गतिविधियों पर नियंत्रण और कड़ा होने का दावा किया जा रहा है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • तिब्बत
  • चीन
  • लारुंग गार
  • बौद्ध केंद्र
  • ध्वस्तीकरण
  • भिक्षु
  • धार्मिक स्वतंत्रता

इस खबर को शेयर करें