मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हाईकोर्ट ने रणधीर शर्मा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली रामलाल ठाकुर की याचिका की खारिज

सार

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रणधीर शर्मा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर की चुनाव याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप हलफनामा दाखिल नहीं किए जाने को अहम आधार माना।

2 मिनट
हाईकोर्ट ने रणधीर शर्मा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली रामलाल ठाकुर की याचिका की खारिज

श्री नैना देवी जी विधानसभा चुनाव से जुड़ी याचिका में हलफनामे की कानूनी खामी बनी खारिजी का आधार

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर की चुनाव याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति संदीप शर्मा की अदालत ने यह फैसला सुनाया।

साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने रणधीर शर्मा के निर्वाचन को चुनौती दी थी। चुनाव 12 नवंबर 2022 को हुआ था, जबकि मतगणना 8 दिसंबर 2022 को हुई थी। चुनाव याचिका में मतगणना, पोस्टल बैलेट और कथित भ्रष्ट आचरण से जुड़े आरोप लगाए गए थे।

मामले की सुनवाई के दौरान रणधीर शर्मा की ओर से चुनाव याचिका में मौजूद वैधानिक कमियों पर आपत्ति जताई गई। इसमें रिप्रजेंटेशन ऑफ पीपल एक्ट, 1951 की धारा 83(1), कंडक्ट ऑफ इलेक्शन रूल्स, 1961 के नियम 94A और निर्धारित Form 25 के अनुसार हलफनामा दाखिल न किए जाने का मुद्दा प्रमुख था।

हाईकोर्ट ने 26 सितंबर 2025 के आदेश में पाया था कि चुनाव याचिका के समर्थन में दाखिल हलफनामा निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप नहीं था। अदालत ने रामलाल ठाकुर को कमी दूर करने और 15 अक्टूबर 2025 तक नया हलफनामा दाखिल करने का अवसर दिया था।

साथ ही स्पष्ट किया गया था कि निर्धारित समय में अनुपालन नहीं होने पर चुनाव याचिका Order VII Rule 11 CPC के तहत खारिज मानी जाएगी।

इसके बाद अक्टूबर 2025 में नया हलफनामा दाखिल किया गया, लेकिन रणधीर शर्मा की ओर से उस पर भी आपत्ति दर्ज कराई गई। अंतिम सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने पाया कि नया हलफनामा भी निर्धारित Form 25 के अनुरूप नहीं था। अदालत ने यह भी नोट किया कि 26 सितंबर 2025 के आदेश को किसी पक्ष ने चुनौती नहीं दी थी और वह अंतिम रूप ले चुका था।

अदालत ने निष्कर्ष निकाला कि याचिकाकर्ता पूर्व आदेश में दिए गए निर्देशों का अनुपालन करने में विफल रहा। इसी आधार पर चुनाव याचिका खारिज कर दी गई और सभी लंबित आवेदनों का भी निपटारा कर दिया गया।

इस फैसले के साथ 2022 के श्री नैना देवी जी विधानसभा चुनाव में रणधीर शर्मा के निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका हाईकोर्ट में समाप्त हो गई है। भाजपा ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि चुनावी विवादों का फैसला कानून और न्यायालय के माध्यम से ही होना चाहिए। पार्टी ने न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान भी व्यक्त किया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें