मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

नैना देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रों की तैयारियां पूरी, ऑस्ट्रेलिया और थाईलैंड से मंगवाए विदेशी फूलों से होगी सजावट

सार

विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। मंदिर की भव्य सजावट लगभग पूरी हो चुकी है। इस बार सजावट में ऑस्ट्रेलिया और थाईलैंड से मंगवाए गए विदेशी फूलों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

TV Incharge

2 मिनट
नैना देवी मंदिर में शारदीय नवरात्रों की तैयारियां पूरी, ऑस्ट्रेलिया और थाईलैंड से मंगवाए विदेशी फूलों से होगी सजावट

11 अक्टूबर से शुरू होंगे शारदीय नवरात्र, 22 घंटे श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा माता का दरबार; रात 12 से 2 बजे तक सफाई और श्रृंगार के लिए रहेगा बंद

हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र धूमधाम से शुरू हो रहे हैं। नवरात्रों को लेकर जिला प्रशासन और मंदिर न्यास ने हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मंदिर की भव्य सजावट का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस बार मंदिर को सजाने के लिए ऑस्ट्रेलिया और थाईलैंड से भी फूल मंगवाए गए हैं।

मंदिर की सजावट करनाल की एक समाजसेवी संस्था द्वारा करवाई जा रही है। 20 से अधिक कारीगर लगातार माता के दरबार को रंग-बिरंगे फूलों, लाइटों और लड़ियों से सजाने में जुटे हैं।

नवरात्रों के लिए मंदिर न्यास ने किए पुख्ता इंतजाम

मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम धर्मपाल ने पत्रकारों को बताया कि नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

स्थानीय पुजारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर में सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। नवरात्रों के दौरान माता का मंदिर श्रद्धालुओं के लिए 22 घंटे खुला रहेगा। रात 12 बजे से सुबह 2 बजे तक सफाई और श्रृंगार के लिए मंदिर बंद रहेगा। श्रद्धालुओं को कतारों में ही माता के दर्शन करवाए जाएंगे।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील

जिलाधीश बिलासपुर राहुल कुमार ने श्रद्धालुओं से शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

उन्होंने श्रद्धालुओं से कतारों में शांतिपूर्वक माता के दर्शन करने और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करने का आग्रह किया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें