मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

ऊना में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी और पत्नी की 85.75 लाख की संपत्ति फ्रीज

सार

ऊना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी संजीव कुमार और उसकी पत्नी के नाम पर दर्ज करीब 85.75 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत वित्तीय जांच के आधार पर की गई। पुलिस ने मकान, जमीन, वाहन और बैंक व पोस्टल खातों को फ्रीज किया है।

2 मिनट
ऊना में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी और पत्नी की 85.75 लाख की संपत्ति फ्रीज

एनडीपीएस एक्ट के तहत वित्तीय जांच में कार्रवाई, दो मंजिला मकान, जमीन, वाहन और बैंक-पोस्टल खाते किए गए फ्रीज

नशे के कारोबार के खिलाफ ऊना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और उसकी पत्नी के नाम पर दर्ज करीब 85 लाख 75 हजार 12 रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी है। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में इस कार्रवाई की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ऊना में एनडीपीएस एक्ट के तहत वित्तीय जांच के आधार पर यह अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक है। एसपी ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को थाना अम्ब पुलिस ने धुसाड़ा के समीप वाहन नंबर HP-19-AB-2409 की तलाशी ली थी। तलाशी के दौरान वाहन से 31,800 ट्रैमाडोल हाइड्रोक्लोराइड, 3,735 अल्प्राजोलम और 8,000 प्रेगाबालिन की गोलियां बरामद हुई थीं।

मामले में वाहन चालक संजीव कुमार निवासी गोनपुर बनेड़ा, तहसील घनारी, अम्ब के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

जांच आगे बढ़ने पर एसटीपीओ अम्ब अनिल पटियाल (एचपीएस) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की आर्थिक गतिविधियों और संपत्तियों की जांच की। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी के नाम पर दर्ज संपत्तियों को कथित तौर पर नशे के कारोबार से अर्जित आय से जुड़ा पाया गया।

इसके बाद 20 अगस्त 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत करीब 85 लाख 75 हजार 12 रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई। इसमें दो मंजिला रिहायशी भवन, 8 मरला भूमि, दो एलएमवी, एक गुड्स ट्रांसपोर्ट एलएमवी, एक बैंक खाता और नौ पोस्टल बचत खाते शामिल हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई के लिए वित्तीय जांच को प्राथमिकता दी जा रही है। इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने का संदेश दिया है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें