मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हमीरपुर से लापता विवाहिता अंब में मिली, डिजिटल लोकेशन से पुलिस ने लगाया पता

सार

हमीरपुर स्थित ससुराल से लापता हुई 35 वर्षीय विवाहिता को पुलिस ने ऊना जिले के अंब थाना क्षेत्र में तलाश लिया। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और डिजिटल लोकेशन की मदद से उसका पता लगाया। महिला को अंब थाने बुलाकर पूछताछ की गई है।

TV Incharge

2 मिनट
हमीरपुर से लापता विवाहिता अंब में मिली, डिजिटल लोकेशन से पुलिस ने लगाया पता

सोशल मीडिया के जरिए ऊना के युवक से हुई थी जान-पहचान, एसडीपीओ अनिल पटियाल ने की मामले की पुष्टि

हमीरपुर स्थित ससुराल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 35 वर्षीय विवाहिता को पुलिस ने ऊना जिले के अंब थाना क्षेत्र में तलाश लिया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और डिजिटल लोकेशन की मदद से महिला का पता लगाया। इसके बाद महिला को अंब थाने बुलाकर पूछताछ की गई और उसके परिजनों को भी इसकी सूचना दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, महिला की सोशल मीडिया के माध्यम से ऊना जिले के एक अविवाहित युवक से जान-पहचान हुई थी। युवक पेशे से चालक बताया जा रहा है। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

इसके बाद महिला अचानक अपने ससुराल से चली गई। महिला के लापता होने पर परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर हमीरपुर पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।

पुराना मोबाइल नंबर मिला बंद

जांच के दौरान पुलिस को महिला का पुराना मोबाइल नंबर बंद मिला। जांच में सामने आया कि महिला ने पुराना सिम कार्ड निकालकर नया नंबर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल लोकेशन की मदद से उसकी मौजूदगी का पता लगाया। जानकारी के अनुसार, शनिवार को प्रारंभिक पूछताछ की गई, जबकि रविवार को महिला को अंब थाने बुलाया गया।

एसडीपीओ ने की मामले की पुष्टि

एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला को थाने बुलाकर पूछताछ की गई है। उन्होंने कहा कि मामले से संबंधित अन्य जानकारी पुलिस जांच के अनुसार सामने आएगी।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें