मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर अब बिना रुके कटेगा टोल, 60 KM की रफ्तार से पार होंगे वाहन

सार

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर टोल व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी है। हिमाचल में पहली बार तीन टोल प्लाजा को मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) तकनीक से लैस करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके लागू होने के बाद वाहन करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बिना रुके टोल प्लाजा पार कर सकेंगे और फास्टैग से टोल राशि अपने आप कट जाएगी।

3 मिनट
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर अब बिना रुके कटेगा टोल, 60 KM की रफ्तार से पार होंगे वाहन

हिमाचल के तीन टोल प्लाजा पर लगेगी MLFF तकनीक, फास्टैग से अपने आप कटेगी टोल राशि

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर सफर करने वाले वाहन चालकों और पर्यटकों के लिए राहत की खबर है। अब टोल प्लाजा पर वाहनों को रुककर टोल चुकाने की जरूरत नहीं होगी। हिमाचल में पहली बार इस फोरलेन के तीन टोल प्लाजा को मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) तकनीक से लैस करने की तैयारी की जा रही है।

इस व्यवस्था के लागू होने के बाद वाहन करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बिना रुके टोल प्लाजा पार कर सकेंगे। वाहन के गुजरते ही फास्टैग से टोल राशि अपने आप कट जाएगी। इससे मनाली-कुल्लू आने वाले पर्यटकों और स्थानीय वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर लगने वाली कतारों से राहत मिलेगी।

एनएचएआई की ओर से गड़ा मोड़ा, टकोली और डोहलूनाला टोल प्लाजा पर MLFF तकनीक लागू करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है।

बिना बैरियर के कटेगा टोल

MLFF तकनीक में टोल प्लाजा पर पारंपरिक टोल बैरियर नहीं लगाए जाते। टोल प्वाइंट पर करीब 5.5 से 6 मीटर ऊंची गैंट्री लगाई जाएगी। इसमें फास्टैग रीडर, AI आधारित ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और वाहन पहचानने वाले सेंसर लगाए जाएंगे।

जैसे ही वाहन टोल प्वाइंट से गुजरेगा, कैमरा और सेंसर वाहन की पहचान करेंगे और लिंक फास्टैग खाते से निर्धारित टोल राशि अपने आप कट जाएगी।

इस व्यवस्था से टोल प्लाजा पर जाम और इंतजार कम होगा, वहीं ईंधन की खपत और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है। इससे हाईवे पर यातायात का प्रवाह भी सुचारू रहेगा।

फास्टैग में बैलेंस रखना होगा जरूरी

वाहन चालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके फास्टैग में पर्याप्त बैलेंस हो और वह सक्रिय स्थिति में हो। फास्टैग को वाहन की विंडशील्ड पर सही तरीके से लगा होना भी जरूरी होगा। इसके अलावा वाहन पर वैध हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) होना आवश्यक होगा।

यदि फास्टैग में कम बैलेंस है या वह निष्क्रिय अथवा अमान्य है तो वाहन मालिक को ई-नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने के 72 घंटे के भीतर भुगतान करने पर सामान्य टोल राशि देनी होगी। इसके बाद भुगतान करने पर दोगुनी राशि चुकानी पड़ सकती है।

टोल पास की सुविधा भी मिलेगी

इस व्यवस्था में टोल पास की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। करीब 3,000 रुपये में 200 ट्रिप की सुविधा मिलने की जानकारी दी गई है।

MLFF तकनीक में निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने पर ओवरस्पीड का चालान भी हो सकता है। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर निर्धारित गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है।

एनएचएआई पीआईयू मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने बताया कि फिलहाल तीन टोल प्लाजा पर MLFF तकनीक लागू करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। आने वाले समय में अन्य टोल प्लाजा पर भी इस तकनीक को लागू किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें